सुरक्षा मानकों में कमी: तीन कोचिंग संस्थान बंद

छिंदवाड़ा। जिले के सौंसर में जिला प्रशासन द्वारा गठित जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर तीन कोचिंग संस्थानों को अस्थायी रूप से बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। मंगलवार को एसडीएम न्यायालय में हुई सुनवाई के दौरान निर्देश दिए गए कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले सभी निर्धारित मानकों की पूर्ति होने तक इन संस्थानों का संचालन नहीं किया जाएगा।

जांच में सामने आईं कई खामियां

कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देश पर एसडीएम, डीएसी और नगर पालिका (सीएमओ) की संयुक्त टीम ने कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन निकास (Emergency Exit), विद्युत सुरक्षा सहित कई आवश्यक सुरक्षा प्रबंध अधूरे पाए गए।

इसके अलावा कमरों की क्षमता की तुलना में विद्यार्थियों की संख्या अधिक मिलने पर भी प्रशासन ने गंभीर आपत्ति जताई।

भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत मामला दर्ज

प्रशासन ने तीनों संस्थानों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 152 के तहत मामला दर्ज किया। सुनवाई के दौरान संबंधित भवन स्वामियों ने न्यायालय को आश्वस्त किया कि निर्धारित समय सीमा में सभी कमियां दूर कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

कमियों की दोबारा जांच में संतोषजनक स्थिति मिलने और सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बाद ही कोचिंग संस्थानों को दोबारा संचालित करने की अनुमति दी जाएगी।

अन्य कोचिंग संस्थानों की भी होगी जांच

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सौंसर के अन्य कोचिंग संस्थानों का भी चरणबद्ध निरीक्षण किया जाएगा। जहां भी सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलेगा, वहां नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम ने क्या कहा

एसडीएम सिद्धार्थ पटेल ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। तीन कोचिंग संस्थानों को कमियां दूर होने तक बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। अन्य कोचिंग संस्थानों का भी निरीक्षण किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *