दस्तक अभियान में बड़ी लापरवाही, 15 दिन में सिर्फ 1123 बच्चों की स्क्रीनिंग; CMHO को नोटिस

सतना। जिले में बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान की समीक्षा में गंभीर लापरवाही सामने आई है। निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले बेहद कम बच्चों की स्क्रीनिंग होने पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) ने सीएमएचओ को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

समीक्षा में खुली स्वास्थ्य विभाग की पोल

दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान के तहत बच्चों की स्क्रीनिंग में लापरवाही पर सतना जिला स्वास्थ्य विभाग सवालों के घेरे में आ गया है। अपर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अपर मिशन संचालक दिशा प्रणय नागवंशी ने सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला को नोटिस जारी कर रीवा संभाग के क्षेत्रीय संचालक के माध्यम से तीन दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि समय पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

लक्ष्य के मुकाबले बेहद कम स्क्रीनिंग

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, 29 जुलाई को दस्तक अभियान की समीक्षा के दौरान सतना जिले की प्रगति बेहद निराशाजनक पाई गई। अभियान के तहत 24 जुलाई से 29 जुलाई के बीच 20,251 बच्चों की डीएसएस (Decision Support System) टूल से स्क्रीनिंग का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। हालांकि समीक्षा में सामने आया कि जिले में इस अवधि के दौरान केवल 1,123 बच्चों की ही स्क्रीनिंग की गई, जो निर्धारित लक्ष्य की तुलना में बेहद कम है।

राज्य के निर्देशों की अनदेखी

अपर मिशन संचालक ने नोटिस में उल्लेख किया है कि 15 जून को जारी स्पष्ट निर्देशों के बावजूद अभियान में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई। इसे प्रशासनिक शिथिलता और राज्य सरकार के निर्देशों की अवहेलना माना गया है। अब स्वास्थ्य विभाग को तीन दिन के भीतर अपना पक्ष स्पष्ट करना होगा। जवाब संतोषजनक नहीं होने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *