सिवनी। घर के सामने खड़ी कार को अज्ञात लोगों ने आग के हवाले कर दिया। रात में टायर फटने की आवाज सुनकर कार मालिक बाहर आया तो वाहन धू-धूकर जल रहा था। कोतवाली थाना क्षेत्र के परतापुर रोड के पास एक मकान के सामने निहाल सतनामी ने रोजाना की तरह अपनी कार खड़ी की थी। निहाल प्राइवेट बैंक में नौकरी करता है।
रात करीब डेढ़ बजे अचानक टायर फटने जैसी तेज आवाज आई। आवाज सुनकर निहाल बाहर आया तो कार में आग लगी हुई थी। उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने मिलकर कार में लगी आग बुझाई, लेकिन तब तक वाहन काफी हद तक क्षतिग्रस्त हो चुका था।
पेट्रोल डालकर आग लगाने की आशंका
घटना की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने निहाल के बयान के आधार पर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
प्रारंभिक जानकारी में कार में पेट्रोल डालकर आग लगाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे कौन लोग हैं और उन्होंने कार को निशाना क्यों बनाया। कार का नंबर एमपी 28 सीबी 5510 बताया गया है।
गांधी वार्ड में भी वाहनों में लगाई थी आग
कोतवाली थाना क्षेत्र में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले गांधी वार्ड के पास भी अज्ञात लोगों ने दो वाहनों में आग लगा दी थी। उस मामले में भी अब तक आरोपियों का पता नहीं चल पाया है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से पुलिस के सामने अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की चुनौती बनी हुई है।