बाइक चुराकर जाली नंबर प्लेट और आरसी बनाते थे, अंतर्राज्यीय गिरोह पकड़ा गया

चार नाबालिग समेत छह आरोपी पकड़े गए, छह बाइक जब्त

सिवनी।
शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं के बीच कोतवाली पुलिस ने अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो बालिग आरोपियों के साथ चार नाबालिगों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की छह बाइक जब्त की गई हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी बाइक चोरी करने के बाद उनकी पहचान बदलने के लिए जाली नंबर प्लेट और फर्जी आरसी तैयार कर देते थे। इस कार्रवाई से पुलिस ने बाइक चोरी की पांच घटनाओं का खुलासा किया है।

ये है मामला

छिंदवाड़ा जिले के परासिया निवासी कुणाल उर्फ लक्की गौतम (19) और अमरवाड़ा के भौकई निवासी शक्ति कनोजिया चार नाबालिगों के साथ मिलकर बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस के मुताबिक छह अगस्त को पुलिस लाइन से सुमेन्द्र ऐड़े की बुलेट क्रमांक एमपी 50 एमवी 1214 चोरी हुई थी। आरोपियों ने चोरी की बाइक पर जाली नंबर प्लेट एमपी 28 जेडबी 7756 लगा दी थी।

इसके बाद 10 अगस्त को टिग्गा मोहल्ला से अमित यादव की बाइक क्रमांक एमएच 49 एबी 9575 चोरी की गई। वहीं, 11 अगस्त को पुलिस लाइन से धनेंद्र उईके की बाइक क्रमांक एमपी 22 एमएम 5512 चोरी हुई थी।

अमरावती और आमला से भी चुराई बाइक

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कुणाल ने अमरावती और आमला से भी बाइक चोरी की थी। उसके खिलाफ पहले से चार प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल छह बाइक जब्त की हैं। पूछताछ के आधार पर पुलिस को बाइक चोरी की पांच वारदातों का पता चला है। पुलिस गिरोह से जुड़ी अन्य घटनाओं की भी जानकारी जुटा रही है।

इनकी रही कार्रवाई में भूमिका

गिरोह को पकड़ने की कार्रवाई में निरीक्षक सतीश तिवारी, एसआई राजेश शर्मा, प्रधान आरक्षक प्रदीप चौधरी, सुधीर डहेरिया, आरक्षक अजेन्द्र पाल और मिथलेश उइके शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *