सिवनी। जिले के केवलारी में पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर एक एसयूवी को पकड़ा। तलाशी लेने पर कार की डिक्की से तलवार, फरसे, स्टील की रॉड और बेसबॉल का डंडा बरामद हुआ। पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
अस्पताल से भागे, पुलिस ने मंडला रोड पर घेरा
पुलिस के अनुसार, डोकररांजी गांव में दो पक्षों के बीच विवाद होने की सूचना मिली थी। विवाद के बाद कुछ लोग सिविल अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस के पहुंचते ही आरोपी एमपी 20 सीएफ 9855 नंबर की एसयूवी में बैठकर भागने लगे। केवलारी पुलिस ने तत्काल पीछा किया और मंडला रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास वाहन को रोक लिया।
कार की डिक्की से मिले घातक हथियार
एसयूवी की तलाशी लेने पर पुलिस को डिक्की से दो तलवार, तीन फरसे, दो स्टील की रॉड और एक बेसबॉल का डंडा मिला। सभी हथियार जब्त कर लिए गए।
छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने इस मामले में आकाश रजक (गोरखपुर, जबलपुर), हेमंत कावरे (गुप्तेश्वर), चमन मेहरा उर्फ चंकी, तरुण पटेल, अरविंद तेकाम और रितिक परते के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और विवाद के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।