सतना। शहर में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने गुरुवार को विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान सिविल लाइन तिराहे पर जांच के दौरान रैगांव की पूर्व विधायक और भाजपा नेता ऊषा चौधरी के वाहन को रोककर उस पर लगे हूटर और पदनाम (नेम) प्लेट को जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक को नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी गई।
सिविल लाइन तिराहे पर चली सघन जांच
यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों पर वाहनों की जांच की। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर मौके पर ही कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी सुविधाओं और विशेष संकेतकों का अनधिकृत उपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अवैध ब्लिंकर लगी स्कॉर्पियो पर 3 हजार का जुर्माना
अभियान के दौरान एमपी 19 सीसी 1305 नंबर की स्कॉर्पियो को भी रोका गया। वाहन पर लाल-पीली ब्लिंकर लाइट लगी हुई थी। पुलिस ने अवैध ब्लिंकर लाइट जब्त करते हुए मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 108 के तहत 3 हजार रुपये का चालान किया।
नो-एंट्री तोड़ने वाले ट्रक पर भी कार्रवाई
इसी दौरान रीवा रोड से नो-एंट्री तोड़कर शहर में घुसे एक ट्रक ने भरहुत नगर मोड़ पर एक कार को टक्कर मार दी। शिकायत मिलने पर ट्रैफिक पुलिस ने ट्रक को जब्त कर 8 हजार रुपये का चालान किया।
मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइक भी पकड़ी
यातायात पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर चल रही एक बाइक पर भी कार्रवाई की। बाइक से साइलेंसर जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।