सिवनी। डिजिटल डेस्क
सिवनी जिले के छपारा थाना क्षेत्र में मक्के के खेत में मिले वीरनलाल इनवाती के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे पत्नी को लेकर पुरानी रंजिश और गौवंश वध से जुड़ा मामला सामने आया है। हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, इसी जांच के दौरान सामने आए गौवंश वध के मामले में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
14 सितंबर को खेत में मिला था शव
छपारा थाना क्षेत्र के जूनापानी बंजर गांव के पास 14 सितंबर को मक्के के खेत में वीरनलाल इनवाती का शव मिला था। शव को मच्छरदानी में लपेटा गया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को हत्या से जुड़े कई सुराग मिले। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम और जांच में सामने आया कि वीरनलाल की हत्या गला दबाने और सिर पर चोट पहुंचाने से की गई थी।
पत्नी को लेकर था विवाद, पुलिस ने बताया हत्या का कारण
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी दसराम उइके ने बताया कि कुछ दिन पहले उसने वीरनलाल को अपनी पत्नी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसी बात को लेकर उसके मन में वीरनलाल के प्रति आक्रोश था।
11 सितंबर को वीरनलाल मांस लेकर खेत की मेड़ से अकेले घर लौट रहा था। इसी दौरान दसराम ने पीछे से धक्का देकर उसे गिरा दिया। हाथापाई के बाद उसने वीरनलाल को जमीन पर पटककर गला दबा दिया।
हत्या के बाद दसराम ने रमेश मर्सकोले और घनश्याम उइके को मौके पर बुलाया। तीनों ने शव को खेत में मौजूद कुएं में फेंक दिया।
कुएं से शव निकालकर नाले के पास फेंका
पुलिस के अनुसार हत्या के करीब दो दिन बाद शव पानी में ऊपर आने लगा। इसके बाद आरोपियों ने शव को कुएं से बाहर निकाला और मच्छरदानी में बांध दिया।
इसके बाद शव को नाले के किनारे ले जाकर फेंक दिया गया और पहचान छिपाने के लिए उसके ऊपर सूखे सागौन के पत्ते डाल दिए गए। बाद में इसी क्षेत्र में शव मिलने पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।