बीच सड़क पर ब्लेड से गला रेतकर आत्महत्या की कोशिश, पुलिस ने बचाई जान

शाहनगर। डिजिटल डेस्क

शाहनगर मुख्यालय से गुजरने वाले एनएच-43 पर रविवार सुबह करीब 6 बजे एक युवक ने बीच सड़क पर बैठकर ब्लेड से अपना गला रेतकर आत्महत्या का प्रयास किया। सूचना मिलते ही शाहनगर पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को अस्पताल पहुंचाया

पुलिस के अनुसार युवक की पहचान राजेंद्र उर्फ बेटा बर्मन (35), पिता गंगा बर्मन, निवासी बिसानी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रवि जादौन, एएसआई रामकृष्ण पांडे, प्रधान आरक्षक विनोद सिंह और डायल-112 के आरक्षक ब्रजभान बागरी व पायलट सतीश तिवारी मौके पर पहुंचे।

युवक को खून से लथपथ हालत में तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने प्राथमिक उपचार किया।

गंभीर हालत में कटनी रेफर

प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया। पुलिस के मुताबिक उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

पुलिस ने मौके से ब्लेड जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पिता के साथ किराए के मकान में रहता था युवक

पुलिस के अनुसार राजेंद्र अपने पिता गंगा बर्मन के साथ शाहनगर में रामकुमार साहू के मकान में किराए से रहता था। पुलिस को दिए बयान में उसके पिता ने बताया कि युवक की तीन बेटियां हैं, जो बिसानी में रहती हैं, जबकि उसकी पत्नी मायके में रहती है।

पुलिस के अनुसार युवक शराब का आदी बताया गया है। हालांकि आत्महत्या के प्रयास की तत्काल वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों से जानकारी लेकर मामले की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी रवि जादौन ने बताया कि रविवार सुबह एक युवक एनएच-43 पर सड़क के बीच बैठकर ब्लेड से अपना गला रेत रहा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए शाहनगर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे कटनी रेफर किया गया है। मौके से ब्लेड जब्त कर ली गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *