बाघ के हमले में खेत में काम कर रहा किसान घायल, मक्का के खेत में हुआ सामना

छिंदवाड़ा। डिजिटल डेस्क

पेंच नेशनल पार्क के बफर जोन से लगे गुमतरा गांव में रविवार सुबह खेत में काम कर रहे किसान का बाघ से सामना हो गया। अचानक सामने आए बाघ ने किसान पर हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ में चोट आई है।

घटना के बाद आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने शोर मचाया, जिसके बाद बाघ वापस कोर क्षेत्र की ओर चला गया। वन विभाग ने इलाके में गश्त बढ़ाने के साथ ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

बंदरों को भगाने पहुंचा था किसान

गुमतरा तहसील बिछुआ निवासी 55 वर्षीय किसान नंदकिशोर पिता पन्नालाल मसराम का खेत पेंच नेशनल पार्क के कोर क्षेत्र से लगा हुआ है। खेत में मक्का की फसल लगी है, जिसे पिछले कुछ समय से बंदर नुकसान पहुंचा रहे थे।

रविवार सुबह नंदकिशोर खेत में बंदरों को भगाने पहुंचे थे। इसी दौरान मक्के की फसल के बीच बैठे बाघ से उनका अचानक सामना हो गया।

बाघ ने नंदकिशोर पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में उनके हाथ पर चोट आई। उनके साथ मौजूद किसानों ने शोर मचाया तो बाघ वहां से निकलकर वापस कोर क्षेत्र की ओर चला गया।

घटना के बाद आसपास के गांवों और खेतों में काम कर रहे लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया।

प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन परिक्षेत्राधिकारी गुमतरा के नेतृत्व में मैदानी अमले ने घायल किसान को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिछुआ पहुंचाया।

यहां डॉ. रजत लोधी ने उनका प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक के अनुसार किसान के हाथ पर वन्यप्राणी के नाखून के निशान हैं। उनकी स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर बताई गई है।

बेहतर उपचार के लिए नंदकिशोर को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

कैमरा ट्रैप से बाघ की निगरानी

घटना के बाद वन विभाग ने गुमतरा और आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं और वन अमले द्वारा लगातार गश्त की जा रही है।

ग्रामीणों को मुनादी के माध्यम से अकेले खेतों में नहीं जाने और विशेष सावधानी बरतने की समझाइश दी जा रही है। कोर क्षेत्र से लगे खेतों में काम करने वाले किसानों को वन विभाग ने सतर्क रहने के लिए कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *