सतना। डिजिटल डेस्क
कोलगवां पुलिस ने शिक्षक दंपति के घर हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 65 हजार 500 रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर समेत करीब 8 लाख रुपये का सामान बरामद किया है।
ड्यूटी पर बाहर थे शिक्षक दंपति
पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक-37 में वैष्णो माता मंदिर के पास रहने वाले बालकृष्ण सोनी (56), पुत्र चंद्रिका प्रसाद और उनकी पत्नी शासकीय शिक्षक हैं।
बीते 5 से 11 सितंबर के बीच दोनों ड्यूटी के सिलसिले में घर से बाहर थे। इसी दौरान बदमाशों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी तथा सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए।
मुखबिर की सूचना से मिला सुराग
चोरी की शिकायत मिलने के बाद कोलगवां पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस को मुखबिर से एक संदिग्ध के बारे में जानकारी मिली, जिसके आधार पर रितेश उर्फ छोटू पुत्र अरुण गुप्ता (21), निवासी डालीबाबा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि उसने अंकित पुत्र सुदर्शन कुशवाहा (26) और प्रशांत उर्फ देव गुप्ता पुत्र कमलेश गुप्ता (21), दोनों निवासी डालीबाबा, के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
चोरी की ज्वेलरी बेचने वाले को भी पकड़ा
पुलिस के मुताबिक, चोरी के बाद आरोपियों ने जेवर भुजवा मोहल्ला निवासी राजकुमार सराफ की दुकान पर काम करने वाले अनुराग पुत्र लोकमणि सोनी (19), निवासी नजीराबाद को बेच दिए थे।
रितेश से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर अंकित, प्रशांत और अनुराग को भी गिरफ्तार कर लिया।
2.65 लाख नकद समेत 8 लाख का सामान बरामद
पुलिस ने चारों आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 65 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर भी बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये है।
पुलिस अब मामले में चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
सराफ दुकान संचालक समेत दो की तलाश
पुलिस के अनुसार, इस मामले में दुकान संचालक राजकुमार सराफ और उसका एक साथी अभी फरार है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी के अनुसार, मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।