सतना। डिजिटल डेस्क
अमरपाटन थाना क्षेत्र के खरमसेड़ा में जमीन का मौका-पंचनामा बनाने पहुंचे पटवारी से गाली-गलौज और सरकारी दस्तावेज फाड़ने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मौका-पंचनामा बनाने पहुंचे थे पटवारी
पुलिस के अनुसार, हल्का पटवारी नीलेश त्रिपाठी (33) बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर खरमसेड़ा पंचायत के बरतोना गांव पहुंचे थे। उन्हें एक जमीन का मौका-पंचनामा तैयार करना था।
बताया गया है कि इसी दौरान गांव की रहने वाली सावित्री पति महेश तिवारी ने पटवारी के काम में बाधा डालते हुए उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
सरकारी दस्तावेज छीनकर फाड़ने का आरोप
पुलिस शिकायत के मुताबिक, विवाद के दौरान महिला ने पटवारी के पास मौजूद सरकारी दस्तावेज छीन लिए और उन्हें फाड़ दिया। घटना के समय मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।
बाद में घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया, जिसके बाद मामला चर्चा में आया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस
पटवारी की शिकायत और सामने आए वीडियो के आधार पर अमरपाटन पुलिस ने महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 132, 296(बी) और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के वीडियो और शिकायत में बताए गए तथ्यों की भी जांच की जा रही है।