सोहागी घाटी में 100 फीट गहरी खाई में गिरा वाहन, 7 घायल

रीवा-प्रयागराज मार्ग की सोहागी घाटी में देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार सात लोग घायल हो गए।

प्रयागराज से गंगा स्नान कर लौट रहे थे

जानकारी के अनुसार वाहन में सवार सभी लोग सतना जिले के उचेहरा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। वे प्रयागराज में गंगा स्नान करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। रात के समय सोहागी घाटी में पहुंचने के दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद वाहन में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

टॉर्च की रोशनी में पुलिस ने किया रेस्क्यू

रात का अंधेरा और खाई की गहराई पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। पुलिसकर्मियों ने टॉर्च की रोशनी में खाई में उतरकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने वाहन में फंसे और घायल लोगों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्योंथर भेजा गया।

सात घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती

हादसे में वाहन सवार सभी सात लोग घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल घायलों की स्थिति और हादसे में वाहन को हुए नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। पुलिस घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *