सोन नदी में नहाने उतरा 22 वर्षीय युवक लापता, SDRF की तलाश जारी

सीधी। डिजिटल डेस्क

दोस्तों के साथ सोन नदी के किनारे गया 22 वर्षीय युवक नहाने के दौरान लापता हो गया। घटना जिले के खड्डी चौकी अंतर्गत ग्राम खैरा के पास शनिवार शाम करीब 5 बजे की है। युवक के काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर साथियों ने ग्रामीणों को सूचना दी। रविवार को पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम बुलाकर तलाशी अभियान शुरू कराया, लेकिन खबर लिखे जाने तक युवक का पता नहीं चल सका था।

मछली पका रहे थे दोस्त, नदी में नहाने उतरा युवक

जानकारी के अनुसार, ग्राम पड़रा निवासी ज्ञानेंद्र सिंह अपने दोस्तों के साथ सोन नदी के किनारे गया था। बताया गया कि वहां कुछ दोस्त नदी किनारे मछली पका रहे थे। इसी दौरान ज्ञानेंद्र नहाने के लिए नदी में उतर गया।

काफी देर तक उसके वापस नहीं आने पर साथियों को चिंता हुई। पहले उन्होंने आसपास उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद ग्रामीणों को घटना की सूचना दी गई और पुलिस को भी मामले से अवगत कराया गया।

एसडीआरएफ की टीम ने शुरू किया रेस्क्यू अभियान

युवक के नदी में डूबने की आशंका के बाद पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। ग्रामीण भी युवक की तलाश में जुटे हुए हैं।

काफी प्रयासों के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। नदी में उसकी तलाश जारी है और परिजन उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताई घटना की जानकारी

प्रत्यक्षदर्शी करन सिंह के मुताबिक, घटना के समय मौके पर तीन लोग मौजूद थे। इनमें से दो लोग नदी किनारे मछली पकाने में व्यस्त थे, जबकि ज्ञानेंद्र नहाने के लिए नदी में उतर गया था।

जब वह काफी देर तक वापस नहीं आया, तब साथियों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने गांव में सूचना दी। फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *