सतना। डिजिटल डेस्क
चित्रकूट में रविवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। झूरी नदी के पास तीर्थयात्रियों से भरी एक बोलेरो अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क से गुजर रहे तीर्थयात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए नदी में उतरकर वाहन सवारों को बाहर निकाला।
पुलिस और डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया। सभी घायलों को चित्रकूट स्थित जानकीकुंड अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
कानपुर से मैहर जा रहे थे सभी यात्री
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बोलेरो में सवार सभी छह यात्री उत्तर प्रदेश के कानपुर और आसपास के क्षेत्र के निवासी थे। वे मैहर स्थित मां शारदा मंदिर में दर्शन करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रविवार तड़के करीब 3 बजे चित्रकूट थाना क्षेत्र में झूरी नदी के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बोलेरो नदी में जा गिरी।
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे पैदल तीर्थयात्रियों ने बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने नदी में उतरकर वाहन सवारों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में सुनील गुप्ता और हिमांशु सिंह सेगर की मौत
इस दुर्घटना में कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र के द्विवेदी नगर गल्ला मंडी निवासी 50 वर्षीय सुनील गुप्ता, पिता मूलचंद गुप्ता, और यशोदा नगर की गंगापुर कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय हिमांशु सिंह सेगर पिता स्वर्गीय दिनेश सिंह सेगर की मौत हो गई।
हादसे में घायल राजकुमार गुप्ता (37), पिता सूरज बली गुप्ता, निवासी ग्राम टेढ़ा, थाना मारूहा, सुमेरपुर, जिला हमीरपुर; गोपाल तिवारी (42), पिता राजकुमार तिवारी, निवासी संजय गांधी नगर, थाना नौबस्ता, कानपुर; दीपक तिवारी (35), पिता पवन कुमार तिवारी, निवासी नौबस्ता, थाना बिधनू, जिला कानपुर नगर; और राहुल पांडे (35), पिता रमेश चंद पांडे, निवासी गंगापुर कॉलोनी, यशोदा नगर, कानपुर, को उपचार के लिए जानकीकुंड अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
बोलेरो अनियंत्रित होकर नदी में कैसे गिरी, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। दुर्घटना के बाद बचाव कार्य में स्थानीय लोगों और राहगीरों की तत्परता से घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिली।