एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंची, मरीज को झोली में बांधकर ले गए ग्रामीण

सतना। डिजिटल डेस्क

चित्रकूट नगर परिषद क्षेत्र के थरपहाड़ गांव में सड़क की बदहाल स्थिति का एक वीडियो सामने आया है। तबीयत बिगड़ने पर 28 वर्षीय युवक को ग्रामीणों ने झोली और टाट में बांधा और कंधे पर उठाकर करीब डेढ़ किलोमीटर दूर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। यहां से एंबुलेंस के जरिए उसे अस्पताल ले जाया गया।

एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी

जानकारी के मुताबिक, थरपहाड़ निवासी गोरे सिंह पिता बब्बू सिंह (28) की शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें लगातार उल्टी-दस्त होने के कारण काफी कमजोरी हो गई थी।

परिजनों के मुताबिक गांव तक पक्का रास्ता नहीं होने के कारण एंबुलेंस अंदर तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद ग्रामीणों ने गोरे सिंह को झोली और टाट में बांधा और कंधे पर रखकर पैदल मुख्य मार्ग तक ले गए।

करीब डेढ़ किलोमीटर का रास्ता तय करने के बाद मरीज को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।

इलाज के बाद फिर कंधे पर उठाकर लाए

ग्रामीणों के अनुसार अस्पताल में उपचार और दवा मिलने के बाद गोरे सिंह को वापस गांव लाया गया। गांव के अंदर तक वाहन नहीं पहुंच पाने के कारण ग्रामीणों को एक बार फिर मरीज को कंधे पर उठाकर करीब डेढ़ किलोमीटर का रास्ता तय करना पड़ा।

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बारिश में कच्चा रास्ता बन जाता है चुनौती

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या केवल एक मरीज तक सीमित नहीं है। गांव में किसी मरीज, बुजुर्ग या गर्भवती महिला को आपात स्थिति में अस्पताल ले जाने के लिए ग्रामीणों को इसी तरह मुख्य मार्ग तक पहुंचाना पड़ता है।

बारिश के दौरान कच्चा रास्ता और ज्यादा खराब हो जाता है। कीचड़ और पानी के कारण वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो जाती है।

सड़क निर्माण का इंतजार

ग्रामीणों के मुताबिक गांव में पक्की सड़क बनाने के लिए लंबे समय से टेंडर और जल्द काम शुरू होने की बात कही जा रही है, लेकिन अब तक मौके पर निर्माण शुरू नहीं हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों से जानकारी लेने पर भोपाल स्तर पर स्वीकृति लंबित होने की बात बताई जाती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क निर्माण की प्रक्रिया जल्द पूरी कर काम शुरू कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *