सतना। डिजिटल डेस्क
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के भैंसाखाना चौक में मंगलवार शाम मसाला लोड छोटा हाथी मालवाहक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे 200 केवीए ट्रांसफार्मर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मालवाहक ट्रांसफार्मर में जा घुसा और उसकी बॉडी टूट गई। हादसे के बाद ट्रांसफार्मर का तेल बह गया और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
जोरदार टक्कर से ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त
घटना के बाद बिजली कंपनी के कर्मचारी और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मालवाहक वाहन को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया। बिजली कंपनी के सहायक अभियंता मेंटेनेंस कुलदीप मिश्रा की शिकायत पर देर रात कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
कंपनी के अनुसार हादसे में ट्रांसफार्मर की बॉडी टूटने के साथ पूरा तेल बह गया। इससे बिजली कंपनी को करीब ढाई लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।
दूसरे ट्रांसफार्मर से जोड़ा जाएगा लोड
बिजली कंपनी के अनुसार प्रभावित क्षेत्र की बिजली व्यवस्था बहाल करने के लिए फिलहाल लोड को दूसरे ट्रांसफार्मर से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। बुधवार को क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को हटाकर नया ट्रांसफार्मर लगाने का काम किया जाएगा।
हादसे के बाद ट्रांसफार्मर से तेल लूटते दिखे लोग
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर से तेल बाहर निकल आया। मौके पर मौजूद कुछ लोग बोतलों में ट्रांसफार्मर का तेल भरते हुए दिखाई दिए। घटना की तस्वीर में भी लोग ट्रांसफार्मर से निकला तेल बोतलों में भरते नजर आ रहे हैं।
मौके पर काफी देर तक भीड़ जमा रही। बिजली आपूर्ति बाधित होने से आसपास के उपभोक्ताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कुलदीप मिश्रा मेंटेनेंस एई, शहर संभाग, पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने कहा- मंगलवार शाम लगभग 8:15 बजे भैंसाखाना के पास 200 केवीए ट्रांसफार्मर में एमपी 21 जेडएच 9548 पिकअप वाहन के चालक ने ठोकर मार दी। इससे ट्रांसफार्मर फेल हो गया और उसकी बॉडी टूट गई। पूरा तेल बह गया। विद्युत कंपनी को लगभग ढाई लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। बुधवार को ट्रांसफार्मर बदलने का कार्य किया जाएगा।