उफनती तुर्री में बहे चाचा-भतीजा, ग्रामीणों ने एक को बचाया

सतना। डिजिटल डेस्क

तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के चलते सतना जिले की नदियां और नाले उफान पर हैं। इसके बावजूद जैतवारा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम चाचा-भतीजे ने उफनती तुर्री नदी का पुल पार करने की कोशिश की। तेज बहाव में बाइक का संतुलन बिगड़ने से दोनों पानी में बहने लगे। ग्रामीणों ने भतीजे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि करीब 50 वर्षीय रामचेरे वर्मा तेज बहाव में बह गए।

रविवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने वोट की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। मौके पर एसडीएम लोकेश कुमार जांगड़े, जैतवारा थाना प्रभारी पंकज शुक्ला समेत पुलिसकर्मी, परिजन और ग्रामीण मौजूद हैं।

पुल के ऊपर से बह रहा था नदी का पानी

जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम करीब 6 बजे रामचेरे वर्मा अपने भतीजे के साथ बाइक से कस्बे से नयागांव-सभापुर की ओर जा रहे थे। तुर्री नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा था।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने दोनों को नदी पार नहीं करने की समझाइश दी, लेकिन दोनों बाइक से आगे बढ़ गए। कुछ दूरी पर पहुंचते ही तेज बहाव के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों पानी में बहने लगे।

ग्रामीणों ने भतीजे को बचाया

हादसा होते ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। लोगों ने प्रयास कर रामचेरे वर्मा के भतीजे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

इसी दौरान रामचेरे वर्मा तेज बहाव की चपेट में आ गए और पानी में बहते चले गए। ग्रामीणों ने उनकी तलाश की, लेकिन शनिवार शाम अंधेरा होने के कारण अभियान आगे नहीं बढ़ाया जा सका।

सुबह एसडीआरएफ ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही जैतवारा थाना प्रभारी पंकज शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एसडीआरएफ को सूचना दी। खराब मौसम और अंधेरा होने के कारण शनिवार रात सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका।

रविवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने वोट के जरिए तुर्री नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। नदी में तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू टीम सावधानी के साथ रामचेरे वर्मा की तलाश कर रही है।

एसडीएम और पुलिस मौके पर

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एसडीएम लोकेश कुमार जांगड़े, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, परिजन और ग्रामीण मौके पर मौजूद हैं। प्रशासन की टीम नदी के जलस्तर और बहाव की स्थिति पर भी नजर रख रही है।

लगातार बारिश के कारण जिले की कई नदियों और नालों में जलस्तर बढ़ा हुआ है। ऐसे में प्रशासन और पुलिस की ओर से लोगों से उफनती नदी, नाले और पुल-पुलियों को पार करने से बचने की अपील की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *