पत्‍नी पर डंडे से हमला, सिर में लगे 10 टांके; आरोपी पति ट्रेन से भागा

सतना। डिजिटल डेस्क

मैहर जिले के नादन-देहात थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद पति द्वारा पत्नी की डंडे से पिटाई करने का मामला सामने आया है। हमले में महिला के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसके सिर में 10 टांके लगाने पड़े।

घायल महिला सूरज नट को परिजनों और पुलिस की मदद से सिविल अस्पताल अमरपाटन ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

विवाद के बाद डंडे से किया हमला

पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान पति मनोज नट (35), निवासी बठिया ने कथित तौर पर पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया।

हमले में महिला के सिर पर चोट आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। विवाद किस वजह से शुरू हुआ, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है।

पुलिस पकड़ने पहुंची, ट्रेन से भाग निकला

नादन-देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह के अनुसार, पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को आरोपी के छत्तीसगढ़ में वाहन चलाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद उसकी तलाश में पुलिस रेलवे स्टेशन पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी ट्रेन में सवार होकर वहां से निकल गया। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *