मोहन यादव का बड़ा परिवहन प्लान, 5 साल में 15 हजार बसें और 3500 रूट

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने 351 बसों को दिखाई हरी झंडी

भोपाल। डिजिटल डेस्क

मध्यप्रदेश में सार्वजनिक बस परिवहन को नए स्वरूप में शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की शुरुआत की गई। भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 7 शहरों की 351 इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसों को हरी झंडी दिखाई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नई परिवहन सेवा से शहरों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की बस कनेक्टिविटी मजबूत होगी। सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में 3500 से अधिक मार्गों पर 15 हजार से ज्यादा बसों का चरणबद्ध विस्तार करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 75 प्रतिशत ग्राम पंचायतों तक परिवहन सेवा पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने खुद बस में किया सफर

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भेल दशहरा मैदान से टिकट लेकर बस में सफर किया और मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। उन्होंने कहा कि नई सेवा में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी, पैनिक बटन, जीपीएस मॉनिटरिंग और ऑनलाइन टिकटिंग जैसी व्यवस्थाएं रहेंगी।

इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसों को प्राथमिकता देने की बात भी कही गई है। इसके साथ ही बस स्टॉप, टर्मिनल और चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जाएंगे।

गडकरी बोले- नए तरीके से सार्वजनिक परिवहन शुरू हुआ

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने नवाचार के साथ सार्वजनिक परिवहन को दोबारा शुरू किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का लाभ गरीब और जरूरतमंद लोगों को भी मिलेगा।

गडकरी ने बताया कि मध्यप्रदेश को 972 पीएम ई-बसें मिली हैं। उन्होंने प्रदेश में इलेक्ट्रिक बसों के विस्तार की जरूरत बताते हुए वैकल्पिक ईंधन और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को परिवहन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों से पेट्रोल-डीजल पर होने वाला खर्च और प्रदूषण दोनों कम किए जा सकते हैं। उन्होंने सार्वजनिक परिवहन के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए कैब एग्रीगेटर्स को जोड़ने की संभावनाओं का भी उल्लेख किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *