सतना। डिजिटल डेस्क
सड़क हादसे में पैर की हड्डी टूटने के बाद अमरपाटन सिविल अस्पताल पहुंचे एक घायल के पैर में प्लास्टर या मेडिकल स्प्लिंट की जगह दवाइयों के खाली कार्टन का गत्ता बांधने का मामला सामने आया है। प्राथमिक उपचार के बाद मरीज को जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया। पैर में गत्ता बांधे जाने की तस्वीर सामने आने के बाद अस्पताल की उपचार व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए 54 वर्षीय व्यक्ति
जानकारी के अनुसार, अमरपाटन क्षेत्र के ग्राम नादन टोला निवासी 54 वर्षीय पुष्पराज सिंह बुधवार देर रात बाइक से स्थानीय बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-30 पर नादन टोला ब्रिज के पास पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद पुष्पराज सिंह सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर बताया गया।
डायल-112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद राहगीरों की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। घायल को एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल अमरपाटन की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।
यहां घायल के पैर में फ्रैक्चर होने के बावजूद मेडिकल स्प्लिंट या प्लास्टर की जगह दवाइयों के खाली कार्टन से काटे गए गत्ते का सहारा दिया गया। गत्ते को पैर के नीचे रखकर पट्टी बांधी गई।
जिला अस्पताल सतना किया गया रेफर
अमरपाटन सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पुष्पराज सिंह को जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया। पैर में गत्ता बांधे जाने की तस्वीर सामने आने के बाद अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और घायल को दिए गए शुरुआती उपचार को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल इस मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से स्पष्टीकरण और संबंधित अधिकारियों की प्रतिक्रिया सामने आने पर उपचार की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।