अनूपपुर में युवक ने मां, नाना-नानी और ममेरी बहन को मार डाला

अनूपपुर। डिजिटल डेस्क

जिले के अमोदा बिजौरा गांव में शनिवार तड़के एक युवक ने लाठी-डंडे से हमला कर अपनी मां, नाना-नानी और मामा की पांच वर्षीय बेटी की हत्या कर दी। हमले में परिवार के चार अन्य लोग घायल हुए हैं। सनी धाम के पुजारी गंगाराम भी हमले में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपी प्रेम सिंह को हिरासत में ले लिया है।

पहले पुजारी पर किया हमला

जानकारी के अनुसार, उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र के मरदरी गांव निवासी प्रेम सिंह गोंड करीब एक सप्ताह पहले अपनी मां अनुपिया बाई के साथ नाना-नानी के घर अमोदा गांव आया था।

शुक्रवार देर रात उसका सनी धाम के पुजारी गंगाराम से विवाद हो गया। इसके बाद प्रेम सिंह ने पुजारी पर लाठी से हमला कर दिया। हमले में पुजारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

ग्रामीणों ने रस्सी से बांधा, मां ने खोल दिया

पुजारी पर हमले के बाद ग्रामीणों ने प्रेम सिंह को पकड़ लिया और उसके नाना-नानी के घर ले जाकर रस्सी से बांध दिया। कुछ देर बाद उसकी मां अनुपिया बाई ने बेटे को रस्सी से खोल दिया।

रस्सी से मुक्त होने के बाद प्रेम सिंह ने घर में मौजूद लोगों पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया।

मां, नाना-नानी और पांच साल की बच्ची की मौत

पुलिस के मुताबिक हमले में नानी भन्नी बाई (70), नाना संपत सिंह (75), मां अनुपिया बाई (50) और मामा की पांच वर्षीय बेटी मोनिका की मौत हो गई।

हमले में परिवार के चार अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुजारी गंगाराम का भी इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई गई है।

रात 2 बजे से सुबह 5:30 बजे तक चली वारदात

प्रारंभिक पुलिस जांच के मुताबिक वारदात का घटनाक्रम रात करीब 2 बजे से सुबह 5:30 बजे के बीच हुआ। घटना की जानकारी मिलने के बाद अनूपपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अनूपपुर और उमरिया जिले का पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है। पुलिस घटनास्थल की जांच के साथ पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

आरोपी पुलिस हिरासत में

पुलिस ने आरोपी प्रेम सिंह को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में उसके परिवार के साथ विवाद और पहले भी मारपीट का इतिहास सामने आया है। पुलिस वारदात के पूरे कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *