सतना। डिजिटल डेस्क
नागौद थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 क्विंटल 15 किलो गांजा जब्त किया है। इसकी कीमत करीब 21 लाख 51 हजार 500 रुपए बताई गई है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अपचारी बालक को किशोर न्यायालय में पेश किया गया। तस्करी में इस्तेमाल 5 लाख रुपए कीमत की बोलेरो भी जब्त की गई है।
एक आरोपी से पूछताछ में मिले सुराग
पुलिस के मुताबिक डुड़हा गांव से एक दिन पहले 3 लाख 22 हजार रुपए कीमत के गांजे के साथ पकड़े गए संतकुमार उर्फ संतू पाल से पूछताछ की गई थी। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को एक अपचारी बालक को पकड़ा।
बताया गया कि अपचारी बालक से पूछताछ के दौरान डुड़ही गांव निवासी द्वारिका दाहिया (53) और बंदरहा, थाना उचेहरा निवासी सभाराज पाल (55) की भूमिका सामने आई।
रात में दबिश देकर पकड़े आरोपी
जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से रात में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान द्वारिका दाहिया को हिरासत में लिया गया, जबकि सभाराज पाल को भी पकड़ लिया गया।
सभाराज के घर से पुलिस ने 2 क्विंटल 15 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने गांजे की कीमत 21 लाख 51 हजार 500 रुपए आंकी है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो क्रमांक MP 19 CA 1061 भी जब्त की गई है।
मुख्य सरगना समेत कई नाम सामने आए
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों से पूछताछ में गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस अब इन आरोपियों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है।
वाहन मालिक भी गांजा तस्करी में वांटेड
पुलिस के मुताबिक जब्त बोलेरो का वास्तविक मालिक डुड़ही निवासी महेश दाहिया है। महेश दाहिया सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दर्ज गांजा तस्करी के एक मामले में करीब एक साल से फरार बताया जा रहा है।
जांच में इन आरोपियों के तार गांजा तस्करी के आरोपी अनूप जायसवाल उर्फ जस्सा से जुड़े होने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
दो आरोपी जेल भेजे गए
एएसपी देहात प्रेमलाल कुर्वे ने बताया कि शनिवार दोपहर आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं अपचारी बालक को किशोर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई में एसआई राजेंद्र वर्मा, रंगदेव सिंह, एएसआई मुकेश सिंह समेत थाना पुलिस, साइबर सेल और अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका बताई है।