सतना। बेतवा एक्सप्रेस में यात्री के पास मिली 63 लाख रुपए की नकदी का मामला अब आयकर विभाग के हाथ में पहुंच गया है। कर्वी पहुंची टीम ने रकम की सुपुर्दगी लेने के साथ यात्री से पूछताछ शुरू कर दी है। रेल सुरक्षा बल की प्रारंभिक कार्रवाई के बाद अब इनकम टैक्स विभाग ने जांच की कमान संभाल ली है। RPF के PRO मनोज कुमार सिंह के मुताबिक प्रारंभिक कार्रवाई की जानकारी डिप्टी डायरेक्टर आयकर विभाग, कानपुर नगर और आयकर अधिकारी बांदा को दी गई थी। इसके बाद आयकर विभाग की टीम मंगलवार को कर्वी पहुंची और जब्त रकम की सुपुर्दगी ले ली।
यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू
आयकर विभाग की टीम ने नकदी के साथ पकड़े गए यात्री प्रीतमदास पुत्र स्वर्गीय चेतनदास, उम्र 60 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक-21, सिंधी कैंप, थाना कोलगवां, को भी हिरासत में लिया है। अब टीम यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसे सतना से कानपुर क्यों ले जाया जा रहा था। जांच में यात्री से रकम के स्रोत और इसे भेजने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
सतना के संजय और कानपुर के डिलीवरी लेने वाले की तलाश
आयकर विभाग की टीम यात्री के जरिए सतना निवासी संजय उर्फ संजू और कानपुर में रकम की डिलीवरी लेने वाले व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। जांच में साइबर टीम की भी मदद ली जा रही है। अधिकारियों की पड़ताल इस बात पर केंद्रित है कि रकम का वास्तविक मालिक कौन है और इसे किस उद्देश्य से भेजा जा रहा था। जरूरत पड़ने पर आयकर विभाग की टीम सतना में भी दबिश दे सकती है।
हवाला कनेक्शन की भी पड़ताल
RPF और आयकर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह मामला हवाला कारोबार से जुड़ा होने की आशंका भी सामने आ रही है। हालांकि, हवाला कनेक्शन की अभी पुष्टि नहीं हुई है। जांच आगे बढ़ने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि 63 लाख रुपए की रकम का वास्तविक स्रोत क्या था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का मानना है कि जांच में रकम के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आ सकते हैं।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया था यात्री
गौरतलब है कि सोमवार को प्रीतमदास दो बैग में 63 लाख रुपए लेकर सतना से कानपुर जा रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर RPF और झांसी क्राइम विंग की संयुक्त टीम ने बहिलपुरवा और कर्वी स्टेशन के बीच ट्रेन में सघन चेकिंग की। इसी दौरान यात्री को हिरासत में लेकर उसके पास मौजूद दोनों बैगों की जांच की गई। तलाशी में बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई।
संजय उर्फ संजू के इशारे पर ले जा रहा था रकम
प्रारंभिक पूछताछ में यात्री ने कथित तौर पर बताया था कि वह संजय उर्फ संजू के कहने पर सतना से रकम लेकर कानपुर जा रहा था। अब आयकर विभाग इस बयान की भी जांच कर रहा है। टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि संजय उर्फ संजू कौन है, रकम किसकी थी और कानपुर में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। जांच के दौरान सामने आने वाले बैंकिंग रिकॉर्ड, मोबाइल कनेक्शन और अन्य डिजिटल जानकारी से मामले की कड़ियां जुड़ने की उम्मीद है।
अब कई सवालों के जवाब तलाश रही टीम
63 लाख रुपए की नकदी बरामद होने के बाद अब जांच में कई अहम सवाल सामने हैं। रकम का असली मालिक कौन है? इसे सतना से कानपुर क्यों भेजा जा रहा था? कानपुर में इसे कौन लेने वाला था? और क्या इस रकम का किसी संगठित नेटवर्क से संबंध है? इन सवालों के जवाब आयकर विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे।
यह भी पढ़ें: बेतवा एक्सप्रेस में 63 लाख कैश बरामद, यात्री गिरफ्तार