सतना। कोलगवां थाना क्षेत्र में फ्लाईओवर पर पोकलेन मशीनों से पुष्पवर्षा और आतिशबाजी कर जश्न मनाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। वायरल वीडियो के आधार पर दो पोकलेन मशीनों के मालिकों और ड्राइवरों की पहचान कर कुल 30 हजार रुपए का अर्थदंड वसूला गया है।
वायरल वीडियो से हुई पोकलेन मशीनों की पहचान
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर पुलिस ने फ्लाईओवर पर जश्न में इस्तेमाल की गई दोनों पोकलेन मशीनों की पहचान की। पुलिस के मुताबिक, वाहन क्रमांक MP 19 GA 5424 के मालिक शिवाकांत मिश्रा पिता जेपी मिश्रा और ड्राइवर विष्णु साकेत के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
इन पर जनजीवन को खतरे में डालने, आदेश की अवहेलना करने और आपातकालीन यात्रा मार्ग बाधित करने से संबंधित मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं के तहत 15 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया।
यह भी पढ़ें: फ्लाईओवर पर पोकलेन से पुष्पवर्षा, एंबुलेंस भी जाम में फंसी
दूसरी पोकलेन मशीन पर भी 15 हजार का जुर्माना
दूसरी मशीन क्रमांक MP 19 ZE 3365 का मालिकाना हक रखने वाली एसएसपी कॉन्ट्रक्शन कंपनी के संचालक संजीव सिंह और ड्राइवर लखन कोल पर भी इसी तरह की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने इस मामले में भी 15 हजार रुपए का अर्थदंड वसूला। इस तरह दोनों पोकलेन मशीनों के मालिकों और ड्राइवरों पर कुल 30 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। पुलिस ने दोनों ड्राइवरों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
आधे घंटे तक फ्लाईओवर पर चलता रहा जश्न
बताया गया कि सोमवार दोपहर फ्लाईओवर के बीच सड़क पर दो पोकलेन मशीनें खड़ी की गई थीं। इन मशीनों से पुष्पवर्षा कराई गई और आसपास मौजूद लोगों ने आतिशबाजी करते हुए जश्न मनाया।
इस दौरान सड़क के दोनों तरफ यातायात बाधित हो गया। व्यस्त मार्ग पर करीब आधे घंटे तक स्थिति बनी रही और एंबुलेंस समेत सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और कार्रवाई शुरू की।
हुड़दंगियों का अब भी पता नहीं
इस कार्रवाई के बीच सबसे बड़ा सवाल उन लोगों की पहचान को लेकर है, जो फ्लाईओवर पर एकत्र होकर सड़क के बीच आतिशबाजी और पुष्पवर्षा कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि पोकलेन मशीनों के ड्राइवरों और मालिकों की पहचान तो वायरल वीडियो के आधार पर कर ली गई, लेकिन सड़क पर हुड़दंग करने वाले अन्य लोगों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
यही वजह है कि पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। सड़क पर यातायात बाधित कर करीब आधे घंटे तक जश्न मनाने वालों पर कार्रवाई कब होगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
एंबुलेंस समेत सैकड़ों वाहन फंसे थे
फ्लाईओवर पर जश्न के दौरान यातायात बाधित होने का असर आम लोगों पर पड़ा। व्यस्त मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रुक गई और जाम की स्थिति बन गई।
इस दौरान एंबुलेंस भी जाम में फंसने की बात सामने आई थी। ऐसे में पुलिस की कार्रवाई का अगला चरण उन लोगों की पहचान और कार्रवाई पर निर्भर करेगा, जिन्होंने सड़क पर यह पूरा आयोजन किया था।