भैंस चोरी के संदेह ने एक युवक की जान ले ली। आरोप है कि तीन लोगों ने पहले उसे बेरहमी से पीटा और फिर कार से बांधकर घसीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। सतना के सिंहपुर क्षेत्र में भैंस चोरी के संदेह में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक 7 अगस्त की रात राजा पुत्र श्याम यादव (25), निवासी सलैया थाना नागौद, अपने दोस्त रवि पाल, ड्राइवर कमलेश रैकवार और सुरेंद्र साहू के साथ पिकअप वाहन से गाय खरीदने कढ़मानी जा रहा था।
कढ़मानी मोड़ पर पहुंचते ही एक XUV ने पिकअप के सामने आकर रास्ता रोक दिया। पुलिस के अनुसार XUV में हिस्ट्रीशीटर सन्नी उर्फ आकाश परिहार अपने साथियों के साथ सवार था।
भैंस चोरी के शक में बेरहमी से पीटा
पुलिस के अनुसार सन्नी ने पिकअप सवार लोगों से भैंस चोरी को लेकर पूछताछ की। इसी दौरान राजा के साथियों से उसके साथ आने की बात कही गई। इसके बाद आरोपियों ने राजा को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। राजा ने कथित तौर पर बार-बार पशु चोरों और तस्करों से किसी तरह का संबंध नहीं होने की बात कही, लेकिन आरोपी नहीं माने। आरोप है कि युवक को इतनी बेरहमी से पीटा गया कि वह बेहोश होकर मरणासन्न हालत में पहुंच गया।
XUV से बांधकर घसीटा, फिर शव फेंका
पुलिस के मुताबिक मारपीट के बाद आरोपियों ने युवक को XUV से बांध दिया और सड़क पर घसीटा। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। आरोपियों ने कथित तौर पर हत्या के बाद राजा के शव को XUV में रखा और सेमरवारा के पास फेंक दिया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पन्ना से पकड़ा गया मुख्य आरोपी
अगले दिन शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मृतक के साथियों और परिजनों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को आरोपियों के संबंध में सुराग मिले। जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी सन्नी उर्फ आकाश सिंह को पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र के इटमा खास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सन्नी ने उत्कर्ष उर्फ सूरज और संतोष के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
तीनों आरोपी जेल भेजे गए
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके दोनों कथित साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल XUV क्रमांक MP 19 ZH 7426 भी जब्त की गई है। पुलिस ने सोमवार दोपहर तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
हत्या की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि युवक पर भैंस चोरी का संदेह किस आधार पर किया गया और आरोपियों ने कानून हाथ में लेकर इतनी गंभीर वारदात क्यों की।