छिंदवाड़ा। डिजिटल डेस्क
छिंदवाड़ा जिले में स्वाइन फ्लू (H1N1) का मामला सामने आया है। शहर से लगे एक गांव के 68 वर्षीय बुजुर्ग की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सर्दी-खांसी, कफ और सांस लेने में तकलीफ के बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मरीज की हालत फिलहाल स्थिर है।
19 सितंबर को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
सीएमएचओ डॉ. अर्चना कैथवास के अनुसार 68 वर्षीय बुजुर्ग को 19 सितंबर को कफ और सांस लेने में परेशानी के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑक्सीजन स्तर कम आने पर उन्हें आईसीयू में रखा गया और एहतियात के तौर पर स्वाइन फ्लू की जांच के लिए सैंपल भेजा गया।
जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद प्रोटोकॉल के तहत उनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मरीज की पत्नी की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।
मरीज की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मरीज के किसी अन्य संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने की जानकारी नहीं मिली है। उनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री भी सामने नहीं आई है।
मरीज के संपर्क में रहने वाले परिजनों और आसपास के लोगों की निगरानी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र में सर्वे भी कराया है।
27 घरों का सर्वे, 8-9 लोगों में सर्दी-खांसी
सीएमएचओ ने बताया कि बुजुर्ग का घर खेतों के बीच स्थित है। इसके आसपास के 27 घरों का स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सर्वे किया।
विशेषज्ञ डॉ. राहुल नाग और उनकी टीम ने भी क्षेत्र का निरीक्षण किया। सर्वे के दौरान करीब 8 से 9 लोगों में सामान्य सर्दी-खांसी के लक्षण मिले हैं। इन सभी की निगरानी की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी
स्वाइन फ्लू का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है और लक्षण वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मौसम में बदलाव के दौरान इंफ्लूएंजा जैसे श्वसन संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में परेशानी होने पर लापरवाही नहीं करनी चाहिए।
सीएमएचओ की अपील- घबराएं नहीं, सावधानी रखें
सीएमएचओ डॉ. अर्चना कैथवास ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सतर्कता और समय पर जांच से संक्रमण को फैलने से रोकने में मदद मिल सकती है।