पूरी रात थाने में धरने पर बैठी युवती, सुबह भाजपा जिला उपाध्यक्ष समेत तीन पर FIR

छिंदवाड़ा। डिजिटल डेस्क
छिंदवाड़ा के गुलाबरा में विवाद के बाद एक युवती रविवार रात कोतवाली थाने के बाहर धरने पर बैठ गई। उसने भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेन्द्र राणा, श्रद्धा पटेल समेत अन्य लोगों पर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया था।

सोमवार सुबह पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज किया। युवती की शिकायत पर श्रद्धा पटेल, योगेन्द्र राणा समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

घर के सामने पहुंचकर धमकी देने का आरोप

पुलिस के मुताबिक युवती ने शिकायत में बताया कि श्रद्धा पटेल द्वारा उसके चरित्र को लेकर अफवाह फैलाई जा रही है। आरोप है कि 27 सितंबर की रात करीब 1 बजे श्रद्धा पटेल, योगेन्द्र राणा समेत अन्य लोग उसके घर के सामने पहुंचे।

युवती ने गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने श्रद्धा पटेल, योगेन्द्र राणा समेत तीन लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(ए), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया।

दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी FIR

इधर नरसिंहपुर नाका निवासी श्रद्धा पटेल ने भी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि 27 सितंबर की रात युवती ने उन्हें फोन कर उनके बारे में गलत बातें करने का आरोप लगाया और गाली-गलौज की।

श्रद्धा के मुताबिक वह अपने भाई कृष्णा पटेल, अंजली और कशिश के साथ युवती के घर पहुंचीं। वहां युवती और उसके पिता द्वारा हाथापाई किए जाने का आरोप लगाया गया। मारपीट में कृष्णा पटेल को चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है।

श्रद्धा की शिकायत पर पुलिस ने युवती और उसके पिता के खिलाफ बीएनएस की धारा 269(ए), 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

योगेन्द्र राणा ने आरोपों को बताया गलत

भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेन्द्र राणा ने युवती की शिकायत को गलत बताया है। उनका कहना है कि समाजसेवा से जुड़े होने के कारण श्रद्धा पटेल से उनका परिचय है।

राणा के मुताबिक श्याम टॉकीज में विराजी श्रीगणेश प्रतिमा के विसर्जन को लेकर श्रद्धा से फोन पर बात हो रही थी। इसी दौरान श्रद्धा के मोबाइल पर युवती का फोन आया और अभद्र बातचीत हुई।

राणा ने कहा कि युवती के बुलाने पर श्रद्धा अपने भाई और सहेलियों के साथ उसके घर गई थीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने खिलाफ गलत अफवाहें फैलाने का भी आरोप लगाया।

उनके अनुसार वकील के माध्यम से युवती को नोटिस भेजा गया है। सात दिन में माफी नहीं मांगने पर एक करोड़ रुपये की मानहानि का दावा करने और कानूनी कार्रवाई की बात कही गई है। मामले की शिकायत कुंडीपुरा थाने में भी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *