सहकारी बैंक की VC में शराब का घूंट गटकते नजर आए समिति प्रबंधक

छिंदवाड़ा। डिजिटल डेस्क

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की वीडियो कांफ्रेंस के दौरान मैनीखापा और हीरावाड़ी के समिति प्रबंधक राकेश चौकसे शराब का घूंट गटकते नजर आए। वीसी की यह वीडियो क्लिप सामने आने के बाद देर शाम वायरल हो गई। मामले में विभागीय स्तर पर अब तक कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।

सोमवार दोपहर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के महाप्रबंधक ने समितियों के लक्ष्यों और योजनाओं की समीक्षा के लिए वीडियो कांफ्रेंस आयोजित की थी। इसमें जिले के सभी समिति प्रबंधक, शाखा प्रबंधक और संबंधित अधिकारी वर्चुअल रूप से जुड़े थे।

समीक्षा के दौरान स्क्रीन पर दिखी तस्वीर

वीसी में अधिकारियों द्वारा समितियों के लक्ष्यों और प्रगति की समीक्षा की जा रही थी। इसी दौरान मैनीखापा और हीरावाड़ी के समिति प्रबंधक राकेश चौकसे अपनी स्क्रीन पर शराब का घूंट गटकते नजर आए।

वीसी में शामिल जिले के अन्य समिति और शाखा प्रबंधकों ने भी यह दृश्य अपनी स्क्रीन पर देखा। इसके बाद बैठक की वीडियो क्लिप देर शाम सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।

वर्किंग टाइम में शराब पीने के आरोप

बताया जा रहा है कि संबंधित समिति प्रबंधक के खिलाफ वर्किंग टाइम में शराब पीने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। हालांकि, वीसी के दौरान शराब पीते नजर आने का मामला अब सामने आया है।

सूत्रों के अनुसार जिला सहकारी बैंक से जुड़ी समितियों में काम के दौरान शराब पीने की अन्य घटनाएं भी पहले सामने आ चुकी हैं।

वायरल वीडियो के बाद भी कार्रवाई नहीं

मामला सामने आने के बाद विभागीय अधिकारियों की ओर से अब तक किसी कार्रवाई की जानकारी नहीं दी गई है। वीसी में जिले के अधिकारी, समिति प्रबंधक और शाखा प्रबंधक मौजूद थे।

घटना को लेकर विभागीय स्तर पर चुप्पी बनी हुई है। अब वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित समिति प्रबंधक के खिलाफ कोई कार्रवाई होती है या नहीं, इस पर नजर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *