सिंगरौली। डिजिटल डेस्क
मोरवा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर निधि तिवारी की मौत के मामले में परिजनों की ओर से कई अहम बातें सामने आई हैं। निधि की मां हेमलता तिवारी ने बेटी के रिश्ते और उसकी दिनचर्या को लेकर कई खुलासे किए हैं।
हेमलता तिवारी के मुताबिक निधि घर की सबसे बड़ी बेटी थी और पूरे परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही थी। वह मोरवा स्थित होटल जीएस ग्रैंड में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर नौकरी करती थी। इस क्षेत्र में एनसीएल (नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) के कार्यालय होने के कारण लोगों का आना-जाना लगा रहता था।
इसी होटल में एनसीएल के आउटसोर्सिंग के तहत इंजीनियर के पद पर काम करने वाला सोनू सिंह भी अक्सर ठहरता था। सोनू सिंह पंजाब का रहने वाला बताया गया है। इसी दौरान निधि और सोनू की पहचान हुई, जो बाद में दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई।
हमेशा निगरानी में रखता था सोनू
निधि की मां हेमलता तिवारी का आरोप है कि सोनू सिंह बेटी पर लगातार नजर रखता था। निधि अक्सर फोन पर बात करती रहती थी और उसके कान में ब्लूटूथ लगा रहता था।
मां के मुताबिक सोनू ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से निधि पर नजर रखता था। घर में कोई रिश्तेदार आने पर भी वह निधि से तरह-तरह के सवाल करता था। इसी वजह से निधि ज्यादातर समय ऑनलाइन रहती थी और ब्लूटूथ के जरिए सोनू के संपर्क में बनी रहती थी।
शादीशुदा और दो बच्चों का पिता बताया
हेमलता तिवारी के मुताबिक सोनू सिंह पंजाब के किसी जिले का रहने वाला है और वह शादीशुदा है। उसके दो बच्चे भी हैं।
मां का कहना है कि निधि और सोनू की बढ़ती नजदीकियों को रोकने का प्रयास किया गया था, लेकिन इसके बावजूद निधि उसके संपर्क में बनी रही।
परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही थी निधि
हेमलता तिवारी के मुताबिक निधि परिवार की सबसे बड़ी बेटी थी और घर की जिम्मेदारियां संभाल रही थी। उन्होंने बताया कि निधि के पिता अशोक तिवारी हिंडाल्को में नौकरी करते थे। बाद में उनका ट्रांसफर हो गया और वह परिवार से अलग चले गए।
मां के अनुसार इसके बाद उन्होंने ही बच्चों का पालन-पोषण किया। निधि सिंगरौली मुख्यालय बैढ़न में एक बड़ा घर भी बनवा रही थी। वह लगातार तनाव में रहती थी।
घटना वाले दिन क्या हुआ
हेमलता तिवारी के मुताबिक घटना वाले दिन निधि नीचे पूजा-पाठ करने के बाद ऊपर गई थी। उस समय भी उसके कान में ब्लूटूथ लगा हुआ था।
मां के अनुसार इसके बाद सोनू सिंह का फोन आया। कुछ देर बाद जब परिवार के लोग ऊपर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो निधि पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी हुई मिली। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
यह भी पढ़ें: मिस प्रिटी इंडिया विजेता निधि तिवारी ने दी फांसी लगाकर जान, पुलिस जांच में जुटी