विंध्य-बुंदेलखंड को नई मेमू ट्रेन की सौगात, जानें पूरा टाइम टेबल

सतना। डिजिटल डेस्क

विंध्य और बुंदेलखंड के रेल यात्रियों के लिए शनिवार, 24 अक्टूबर को बड़ी शुरुआत होने जा रही है। देवेंद्रनगर से सतना और चुरहट से रीवा के बीच नई रेल लाइनों पर मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली कार्यक्रम में शामिल होंगे। नियमित मेमू सेवा 26 अक्टूबर से शुरू होगी। इससे पन्ना, सतना, रीवा और सीधी जिले के यात्रियों को आवागमन का नया विकल्प मिलेगा।

इस रेल सेवा की सबसे बड़ी उपलब्धि सीधी जिले का यात्री रेल नेटवर्क से जुड़ना है। आजादी के बाद पहली बार सीधी जिले के चुरहट तक यात्री ट्रेन पहुंचने जा रही है। नई रेल कनेक्टिविटी से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

दो स्थानों पर होंगे उद्घाटन कार्यक्रम

नई रेल लाइन और मेमू ट्रेन के शुभारंभ के लिए नागौद और चुरहट में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नागौद में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा और नागौद विधायक नागेंद्र सिंह शामिल होंगे।

चुरहट में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह और मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा भी नागौद पहुंचेंगे। चुरहट के कार्यक्रम में एडीआरएम दिनेश कुमार कलामे सहित रेलवे के अधिकारी शामिल होंगे।

26 अक्टूबर से नियमित चलेगी मेमू ट्रेन

देवेंद्रनगर और चुरहट के बीच नियमित मेमू ट्रेन का संचालन 26 अक्टूबर से प्रस्तावित है। ट्रेन रविवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। रखरखाव के लिए रविवार को रैक बीना भेजे जाने के कारण इस दिन सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी।

आठ कोच वाली इस मेमू ट्रेन में सभी कोच सामान्य श्रेणी के होंगे। इससे छोटे स्टेशनों के यात्रियों को भी सतना, रीवा और चुरहट के बीच आने-जाने की सुविधा मिलेगी।

देवेंद्रनगर से चुरहट जाने वाली ट्रेन का समय

ट्रेन संख्या 61629 देवेंद्रनगर से सुबह 7 बजे रवाना होकर दोपहर 1:15 बजे चुरहट पहुंचेगी। रास्ते में इसके प्रमुख ठहराव और समय इस प्रकार हैं।

स्टेशनसमय
देवेंद्रनगरसुबह 7:00 बजे प्रस्थान
फुलवारीसुबह 7:25 बजे
नागौदसुबह 7:58 बजे
बरेठियासुबह 8:20 बजे
करहीसुबह 8:45 बजे
सतनासुबह 9:00 बजे
कैमासुबह 9:15 बजे
सकरियासुबह 9:28 बजे
हिनौता रामवनसुबह 9:42 बजे
बगहाईसुबह 9:58 बजे
तुर्कीसुबह 10:18 बजे
रीवासुबह 10:40 बजे
सिलपरासुबह 11:25 बजे
गोविंदगढ़सुबह 11:38 बजे
बघवारदोपहर 12:08 बजे
रामपुर नैकिनदोपहर 12:33 बजे
चुरहटदोपहर 1:15 बजे

चुरहट से देवेंद्रनगर लौटने वाली ट्रेन का समय

ट्रेन संख्या 61630 चुरहट से दोपहर 3 बजे रवाना होगी और रात 9:25 बजे देवेंद्रनगर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन के प्रमुख ठहराव इस प्रकार हैं।

स्टेशनसमय
चुरहटदोपहर 3:00 बजे प्रस्थान
रामपुर नैकिनदोपहर 3:45 बजे
बघवारशाम 4:13 बजे
गोविंदगढ़शाम 4:36 बजे
सिलपराशाम 4:56 बजे
रीवाशाम 5:20 बजे
तुर्की रोडशाम 5:45 बजे
बगहाई रोडशाम 5:55 बजे
हिनौता रामवनशाम 6:04 बजे
सकरियाशाम 6:14 बजे
कैमाशाम 6:23 बजे
सतनारात 7:15 बजे
करहीरात 7:35 बजे
बरेठियारात 7:55 बजे
नागौदरात 8:15 बजे
फुलवारीरात 8:40 बजे
देवेंद्रनगररात 9:25 बजे

यात्रियों को क्या होगा फायदा

नई मेमू सेवा शुरू होने से सतना, रीवा, देवेंद्रनगर और चुरहट के बीच यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। छोटे स्टेशनों पर ठहराव होने से ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के लोगों को जिला मुख्यालयों तक पहुंचने में सुविधा होगी।

विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और मरीजों को सड़क परिवहन पर निर्भरता कम करने का विकल्प मिलेगा। बेहतर रेल संपर्क से क्षेत्र में व्यापार, शिक्षा, रोजगार और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना के तहत इन रेलखंडों का शुरू होना विंध्य और बुंदेलखंड के रेल नेटवर्क विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नियमित सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार यात्रा की सुविधा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *