शादी का झांसा देकर मानव तस्करी का आरोप, म्यांमार की 4 युवतियां बरामद

ग्वालियर। डिजिटल डेस्क

ग्वालियर जीआरपी ने सीमा पार मानव तस्करी के संदेह में म्यांमार की चार युवतियों को बरामद किया है। पुलिस ने मामले में म्यांमार के दो पुरुषों को भी पकड़ा है। बरामद युवतियों में दो नाबालिग होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस के मुताबिक युवतियों को बांग्लादेश के कुतुपालोंग शरणार्थी शिविर से कथित तौर पर अवैध तरीके से भारत लाया गया था। उन्हें जम्मू-कश्मीर में शादी कराने के लिए ले जाने की योजना होने की बात सामने आई है। मामले की जांच जारी है।

स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस में मिला पहला आरोपी

जीआरपी कंट्रोल रूम भोपाल से सूचना मिली थी कि स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के जनरल कोच में म्यांमार का एक संदिग्ध युवक सफर कर रहा है। सूचना के आधार पर ग्वालियर जीआरपी थाना प्रभारी दीपशिखा सिंह तोमर ने टीम के साथ ट्रेन में चेकिंग की।

पुलिस ने हुलिए के आधार पर म्यांमार निवासी 25 वर्षीय मुबीन को पकड़ा। पुलिस के अनुसार वह फिलहाल हैदराबाद में रह रहा था। पूछताछ में उसने अपने साथी मोहम्मद हसन के बारे में जानकारी दी।

अलीगढ़ में किराए के मकान से चार युवतियां बरामद

मुबीन से मिली जानकारी के आधार पर जीआरपी की टीम अलीगढ़ पहुंची। वहां एक किराए के मकान में रह रहे 35 वर्षीय मोहम्मद हसन को पकड़ा गया। उसके कब्जे से चार म्यांमार की युवतियां बरामद की गईं।

पुलिस के मुताबिक इनमें दो नाबालिग हैं। चारों युवतियों को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और उनकी काउंसलिंग व आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

भाषा बनी चुनौती, गूगल ट्रांसलेटर से पूछताछ

जीआरपी के अनुसार युवतियों को हिंदी नहीं आती थी, जिसके कारण शुरुआती पूछताछ में भाषा संबंधी परेशानी सामने आई। इसके बाद गूगल ट्रांसलेटर और द्विभाषी व्यक्ति की मदद से उनसे जानकारी जुटाई गई।

प्रारंभिक पूछताछ में युवतियों ने बताया कि उन्हें बांग्लादेश के कुतुपालोंग शरणार्थी शिविर से भारत लाया गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें भारत में किस रास्ते से लाया गया और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

जम्मू-श्रीनगर में शादी कराने की थी योजना

पुलिस के मुताबिक युवतियों को जम्मू और श्रीनगर ले जाकर शादी कराने की योजना थी। जांच एजेंसियां अब इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि इन युवतियों को किन लोगों के पास पहुंचाया जाना था और इस नेटवर्क में अन्य बिचौलियों की क्या भूमिका है।

जीआरपी ने दोनों पुरुषों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर युवतियों को भारत लाने से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *