आधी रात पत्नी को लेने पहुंचा जीजा, मना किया तो चला दी गोली

ग्वालियर। डिजिटल डेस्क

ग्वालियर के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के चपरोली गांव में आधी रात पत्नी को मायके से साथ ले जाने की जिद को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि पत्नी के परिवार वालों के मना करने पर जीजा ने साले के घर पर कट्टे से फायरिंग कर दी। उसके साथ आए दो युवकों ने घर पर पथराव किया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

रात 11 बजे पत्नी को लेने पहुंचा था आरोपी

पुलिस के अनुसार चपरोली गांव निवासी वीरू राणा ने शिकायत में बताया कि रात करीब 11 बजे उसका जीजा अनिल राणा अपने साथी दिलीप और दीपक के साथ उसके घर पहुंचा था। अनिल अपनी पत्नी भूरीबाई को उसी समय मायके से अपने साथ ले जाने की जिद कर रहा था।

परिवार वालों ने रात अधिक होने की बात कहते हुए सुबह पत्नी को ले जाने के लिए कहा। बताया गया कि भूरीबाई ने भी रात में जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद विवाद शुरू हो गया और अनिल ने कथित तौर पर गाली-गलौज करना शुरू कर दिया।

कट्टा निकालकर की फायरिंग, साथियों ने किया पथराव

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अनिल ने कमर से कट्टा निकाला और फायरिंग कर दी। इसी दौरान उसके साथ आए दिलीप और दीपक ने घर पर पथराव शुरू कर दिया।

अचानक गोली चलने और पत्थर बरसने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोग जान बचाने के लिए घर के अंदर छिप गए। गोली की आवाज और हंगामे की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचने लगे।

शिकायत करने पर दी धमकी

ग्रामीणों की भीड़ बढ़ने पर तीनों आरोपी वहां से भाग गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना की सूचना मिलते ही हस्तिनापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद वीरू राणा अपने भाई छोटू राणा के साथ थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।

कुछ ही घंटों में तीनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद कार्रवाई करते हुए अनिल राणा, दिलीप और दीपक को गिरफ्तार कर लिया। तीनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

पुलिस आरोपियों से फायरिंग में इस्तेमाल किए गए कट्टे और कारतूस के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस को आरोपियों के नशे में होने की भी आशंका है

घर को नुकसान, किसी के घायल होने की सूचना नहीं

फायरिंग में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन पथराव से घर को नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

अब पुलिस घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी और विवाद से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *