रीवा। रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। रविवार को रीवा एयरपोर्ट पर आयोजित हवाई सेवा शुभारंभ समारोह में उन्होंने पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने को लेकर चल रही बहस पर अपनी बात रखी। सांसद ने एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का विरोध करने वालों पर निशाना साधते हुए कहा, ‘इथेनॉल नहीं चलेगा, शुद्ध पेट्रोल चलेगा… शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा क्या?’
जनार्दन मिश्रा ने अपने संबोधन में एथेनॉल के इस्तेमाल का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जब देश में शुद्ध पेट्रोल उपलब्ध ही नहीं है तो उसकी मांग कहां से पूरी होगी।
सुनें वीडियो…
ब्राजील का दिया उदाहरण
उन्होंने ब्राजील का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बड़े स्तर पर एथेनॉल का इस्तेमाल किया जा रहा है। सांसद ने दावा किया कि वहां वाहन एथेनॉल आधारित ईंधन पर चल रहे हैं और भारत में भी एथेनॉल के इस्तेमाल की क्षमता मौजूद है।
उन्होंने तर्क दिया कि अगर एथेनॉल का उत्पादन और इस्तेमाल नहीं किया जाएगा तो पेट्रोल-डीजल की जरूरत कैसे पूरी होगी।
एथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर देश में जारी है बहस
सांसद का बयान ऐसे समय आया है, जब भारत में E20 पेट्रोल को लेकर बहस जारी है। E20 पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल होता है।
केंद्र सरकार ने जुलाई 2026 में स्पष्ट किया था कि पेट्रोल में एथेनॉल ब्लेंडिंग को 20 प्रतिशत से आगे बढ़ाने का फिलहाल कोई फैसला नहीं हुआ है। सरकार के मुताबिक भविष्य में इस संबंध में निर्णय वैज्ञानिक और तकनीकी अध्ययन तथा संबंधित पक्षों से विचार-विमर्श के बाद लिया जाएगा।
मंच पर मौजूद थे डिप्टी सीएम समेत कई नेता
जिस समय सांसद जनार्दन मिश्रा एथेनॉल को लेकर बयान दे रहे थे, उस दौरान मंच पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, नगरीय विकास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, सतना सांसद गणेश सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
यह कार्यक्रम रीवा से भोपाल और कोलकाता के लिए शुरू हुई नई हवाई सेवाओं के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में कोलकाता से 72 सीटर विमान रीवा पहुंचा और इसके बाद रीवा से भोपाल के लिए रवाना हुआ।
पहले भी विवादित बयानों से चर्चा में रहे हैं सांसद
रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा पहले भी अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। वर्ष 2022 में जल संरक्षण कार्यक्रम के दौरान उनके एक बयान पर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हुई थी। उस समय उन्होंने पानी बचाने की अपील करते हुए नशे और तंबाकू से जुड़े उदाहरण दिए थे।