रीवा। रविवार को रीवा को भोपाल और कोलकाता के लिए सीधी हवाई सेवा की सौगात मिली। रीवा एयरपोर्ट पर आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने नई हवाई सेवाओं का स्वागत करते हुए इसे विंध्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विंध्य के लोगों ने हवाई सेवा का सपना वर्षों से देखा था, जो अब पूरा हो रहा है। रीवा से भोपाल और कोलकाता की कनेक्टिविटी शुरू होने के साथ पूरा विंध्य देश के बड़े महानगरों से हवाई सेवा के जरिए जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उड़ान योजना के तहत रीवा एयरपोर्ट का विस्तार हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की नई विमानन नीति में स्टेट बीजीएफ मद से हवाई सेवाओं के लिए अनुदान का प्रावधान किया गया है।
सिर्फ 10 महीने में रीवा को मिली 5 हवाई सेवाएं
राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि इन प्रयासों का परिणाम है कि रीवा को महज 10 महीने की छोटी अवधि में पांच हवाई सेवाओं की सुविधा मिल गई है। उन्होंने कहा कि 9 अगस्त रीवा के लिए ऐतिहासिक दिन है। रीवा में हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए रीवा और सतना के सांसदों ने भी महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी के प्रयासों से रीवा विकास की नई उड़ान भर रहा है। रीवा एयरपोर्ट की विकासगाथा डबल इंजन सरकार की सफलता का आदर्श उदाहरण है।

एयर कनेक्टिविटी से पर्यटन और उद्योग को मिलेगा फायदा
उप मुख्यमंत्री के मुताबिक, रीवा की हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने से पूरे विंध्य में पर्यटन, उद्योग और दूसरे क्षेत्रों के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि विंध्य में पतंजलि समूह, टाटा समूह और महिंद्रा समूह जैसे बड़े औद्योगिक समूह निवेश के लिए उत्सुक हैं। बेहतर एयर कनेक्टिविटी निवेशकों के लिए क्षेत्र को अधिक सुविधाजनक बनाएगी।
‘हवाई सेवा विकास की नई उड़ान बनेगी’
समारोह में सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि वह दौर बीत चुका है, जब लोग आसमान में उड़ते हवाई जहाजों को देखकर अचरज करते थे। अब रीवा से पांच बड़े शहरों के लिए शुरू हुई हवाई सेवाएं विकास की नई उड़ान बनेंगी।
वहीं सांसद सतना गणेश सिंह ने कहा कि विंध्य में विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। क्षेत्र में प्राकृतिक संसाधनों के साथ पर्यटन और धार्मिक स्थलों की भी भरमार है। हवाई सेवा शुरू होने से इनके विकास को तेजी मिलेगी।
जनप्रतिनिधियों ने बताया विकास के लिए अहम कदम
नगरीय विकास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने विंध्य को विकास की नई सौगातें दी हैं। उन्होंने हवाई सेवा के विस्तार को उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के प्रयासों का परिणाम बताया।
समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
हवाई सेवा के शुभारंभ समारोह में विधायक मैहर श्रीकांत चतुर्वेदी, विधायक ब्यौहारी शरद कोल, जिला पंचायत अध्यक्ष रीवा नीता कोल, महापौर सतना योगेश ताम्रकार, विंध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति, पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। समारोह में बड़ी संख्या में आमजन भी शामिल हुए। नई हवाई सेवाओं से विंध्य के लोगों को भोपाल और कोलकाता तक सीधी एयर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।