शिमला के जुब्बल में भीषण आग, पांच मकान जलकर राख

शिमला। डिजिटल डेस्क

शिमला जिले के जुब्बल क्षेत्र के धार गांव में देर रात भीषण आग लगने से पांच रिहायशी मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। हादसे में पांच परिवार प्रभावित हुए हैं। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

रात 11:20 बजे मिली आग की सूचना

जानकारी के अनुसार धार गांव में गुरुवार रात करीब 11:20 बजे आग लगने की सूचना जुब्बल अग्निशमन केंद्र को मिली। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आग तेजी से फैल चुकी थी।

आग की भयावहता को देखते हुए रोहड़ू, कोटखाई और टिक्कर से भी दमकल वाहन बुलाए गए। स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने भी आग बुझाने में दमकल कर्मियों का सहयोग किया।

पांच परिवारों के मकान जलकर राख

दमकल कर्मियों ने रातभर मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग को आसपास के मकानों और गांव के दूसरे हिस्सों तक फैलने से रोकने के लिए टीम सुबह तक मौके पर डटी रही।

अग्निकांड में नानक चंद चौहान, हरनाम सिंह धाल्टा, नरेंद्र सिंह धाल्टा, गिंदा देवी और अनिल धान्टा के परिवार प्रभावित हुए हैं। पांचों रिहायशी मकान आग की चपेट में आने से पूरी तरह जल गए।

आग लगने के कारणों की जांच

जुब्बल थाना प्रभारी के अनुसार आग में पांच मकान जले हैं और किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल अग्निशमन विभाग और प्रशासन की ओर से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर संपत्ति के भारी नुकसान की बात सामने आई है।

रोहित ठाकुर ने सहायता का भरोसा दिया

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने धार गांव में हुए अग्निकांड पर दुख जताया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस संकट की घड़ी में सरकार और प्रशासन उनके साथ खड़े हैं।

मंत्री ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयासों की बात कही है। उन्होंने कहा कि आपदा राहत नियमावली के तहत राहत दिलाने का मामला मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाएगा।

प्रशासन को प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने, नुकसान का जल्द आकलन करने और आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *