मैहर के स्कूल में छात्रों को दिखाई ‘A’ सर्टिफिकेट फिल्म, प्राचार्य को नोटिस

मैहर। मैहर जिले की अमरपाटन तहसील स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कठहा में नाबालिग छात्रों को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) द्वारा ‘A’ (Adults Only) सर्टिफिकेट प्राप्त फिल्म दिखाने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) सलोनी शर्मा ने विद्यालय के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

कक्षा 11वीं में एलईडी स्क्रीन पर दिखाई गई फिल्म

जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार विद्यालय की विज्ञान संकाय की कक्षा 11वीं में लगी एलईडी स्क्रीन पर छात्रों को ‘धुरंधर’ फिल्म दिखाई गई थी। यह फिल्म केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से ‘A’ (Adults Only) प्रमाणपत्र प्राप्त है, जिसके अनुसार 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को यह फिल्म नहीं दिखाई जा सकती। डीईओ सलोनी शर्मा ने बताया कि फिल्म में अत्यधिक मारपीट, हिंसक दृश्य और वयस्कों के लिए उपयुक्त कंटेंट है। ऐसे दृश्य नाबालिग छात्रों के मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। इसी कारण मामले को गंभीर मानते हुए कार्रवाई शुरू की गई है।

वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई

2 अगस्त को स्कूल में फिल्म दिखाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई। मामला कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी तक पहुंचने पर जांच के निर्देश दिए गए, जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया।

CBFC के नियमों का उल्लंघन बना बड़ा मुद्दा

CBFC के नियमों के अनुसार ‘A’ सर्टिफिकेट वाली फिल्मों का प्रदर्शन केवल 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के दर्शकों के लिए अनुमत है। ऐसे में सरकारी विद्यालय में नाबालिग विद्यार्थियों को इस श्रेणी की फिल्म दिखाया जाना शिक्षा विभाग के लिए गंभीर विषय बन गया है। डीईओ ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित तीन दिन की समय-सीमा में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया, तो संबंधित प्राचार्य के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *