कानून सबके लिए बराबर: मैहर में जनप्रतिनिधियों की गाड़ियों से हूटर-पदनाम प्लेट हटाई

सतना। मैहर जिला मुख्यालय में सोमवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट उदयाजीत कुंवर राव के नेतृत्व में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान चार पहिया वाहनों में लगे अवैध हूटर, काली फिल्म, पदनाम बोर्ड और अन्य नियम विरुद्ध उपकरणों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कुल 27 चालान बनाकर 24 हजार रुपये का अर्थदंड वसूला गया।

जनप्रतिनिधियों की गाड़ियों पर भी हुई कार्रवाई

यातायात थाना प्रभारी विक्रम पाठक ने बताया कि कार्रवाई के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोनी, जिला पंचायत सदस्य, सरपंच संघ अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक-राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारियों की गाड़ियों से पात्रता नहीं होने के बावजूद लगाए गए पदनाम बोर्ड और हूटर हटाकर जब्त किए गए।

इन मामलों में बने चालान

वाहन जांच के दौरान विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई। इसमें:

  • हूटर के 4 चालान
  • काली फिल्म के 5 चालान
  • पदनाम बोर्ड के 5 चालान
  • एचएसआरपी नंबर प्लेट के 13 चालान

कुल 27 चालानों के माध्यम से 24 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

मजिस्ट्रेट बोले- कानून सभी के लिए समान

न्यायिक मजिस्ट्रेट उदयाजीत कुंवर राव ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून सभी के लिए समान है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सतना में दो दिन में 60 वाहनों पर कार्रवाई

उधर सतना जिला मुख्यालय में भी यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर अवैध नंबर प्लेट, स्टीकर, हूटर, काली फिल्म, ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना लाइसेंस वाहन चलाने तथा दोपहिया वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। दो दिनों में 60 चालान बनाकर 33 हजार रुपये का अर्थदंड वसूला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *