मंडला में जादू-टोना के शक में युवक की हत्या, 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

मंडला जिले के मोहगांव थाना क्षेत्र में जादू-टोना के संदेह में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए महज 24 घंटे के भीतर अंधी हत्या की गुत्थी सुलझा ली और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी व मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पान मसाला लेने गए तो वापस नहीं लौटे

मोहगांव थाना क्षेत्र के ग्राम खर्रीडीहापार निवासी गायत्री मरावी ने पुलिस को बताया कि उनके पति इन्द्र मरावी 31 जुलाई की शाम मोबाइल पर बात करते हुए गुटखा लेने गांव की दुकान गए थे, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। अगले दिन सुबह परिजनों ने तलाश की तो उनका शव खेत में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

जादू-टोना करने के संदेह में किया हमला

पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन में गठित टीम ने घटनास्थल से मिले भौतिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। संदेह के आधार पर प्रमोद मरावी से पूछताछ की गई, जिसने स्वीकार किया कि उसे इन्द्र मरावी पर जादू-टोना करने का शक था। इसी संदेह के चलते उसने कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर हत्या कर दी।

साथी ने तालाब में छिपा दी थी कुल्हाड़ी

पुलिस के अनुसार हत्या के बाद प्रमोद मरावी ने वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी अपने साथी डालचंद परते के घर रख दी। बाद में पुलिस से बचने के लिए डालचंद ने कुल्हाड़ी गांव के तालाब में छिपा दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर तालाब से कुल्हाड़ी बरामद कर ली। साथ ही दोनों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश

पुलिस ने ग्राम खर्रीडीहापार निवासी 33 वर्षीय प्रमोद मरावी और 30 वर्षीय डालचंद परते को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *