जन विश्‍वास अभियान: एक बस से नागौद पहुंचे कलेक्टर-एसपी, 96 आवेदन निपटाए; 800 CM Helpline प्रकरणों का समाधान

सतना। मुख्यमंत्री जन विश्‍वास अभियान के तहत सतना जिले के नागौद में शुक्रवार को प्रशासन जनता के बीच पहुंचा। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी एक ही बस से नागौद पहुंचे और जनसंवाद, जनसुनवाई तथा उद्योग संवाद के जरिए लोगों की समस्याएं सुनीं।

एक बस से पहुंचे जिले के वरिष्ठ अधिकारी

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, जिला पंचायत सीईओ शैलेन्द्र सिंह समेत जिले के विभाग प्रमुख अधिकारी एक ही बस से सतना से नागौद पहुंचे। प्रशासन का उद्देश्य सभी विभागों को एक साथ जनता के बीच ले जाकर समस्याओं का त्वरित समाधान करना था।

96 आवेदन मिले, 800 CM Helpline शिकायतों का निराकरण

जनपद पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनसुनवाई में कुल 96 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं विभिन्न विभागों ने मौके पर ही CM Helpline के लगभग 800 लंबित प्रकरणों का समाधान किया। कलेक्टर ने विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

रोजगार योजनाओं की समीक्षा, बैंकर्स को निर्देश

कलेक्टर ने स्वरोजगार एवं रोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों और बैंकर्स से पात्र हितग्राहियों के ऋण प्रकरणों का समय पर स्वीकृति और वितरण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी विभाग प्रमुखों को क्षेत्र भ्रमण कर अधीनस्थ संस्थाओं का निरीक्षण करने और शनिवार दोपहर तक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

मौके पर बने पांच आयुष्मान कार्ड

अभियान के दौरान ग्राम मौहारी निवासी गुल्लन प्रसाद वर्मा के परिवार के पांच सदस्यों—सरिता, सुहाना, प्राची, ऋतिक सहित परिवार के पात्र सदस्यों के आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाकर सौंपे गए। इससे परिवार को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल सकेगा।

सड़क, मुआवजा और मृदा परीक्षण केंद्र की शिकायतें भी उठीं

जनसुनवाई में धौरहरा-बरकछी मार्ग पर बरसात के दौरान आवागमन की समस्या, कल्पा नहर अधिग्रहण का लंबित मुआवजा, नागौद मृदा परीक्षण केंद्र की कार्यप्रणाली और छुलहा गांव की करीब 200 मीटर खराब सड़क का मामला प्रमुखता से उठा।

कलेक्टर ने छुलहा में निजी भूमि होने के बावजूद फिलहाल मुरूम डालकर रास्ता आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए। वहीं उप संचालक कृषि आशीष पाण्डेय को मृदा परीक्षण केंद्र का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। अधिकारियों ने बताया कि धौरहरा में 25 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण पहले ही स्वीकृत किया जा चुका है।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में नागौद विधायक नागेंद्र सिंह, एसडीएम जितेंद्र वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रेमलाल कुर्वे, तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह, जनपद सीईओ अशोक मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *