नदी में फंसे किसान को रात से पहले RDF टीम ने बचाया

पवई। डिजिटल डेस्क

पवई के सुनादर हार में खेत देखने गए किसान का खेत अचानक बढ़े नदी के पानी से चारों तरफ से घिर गया। दोपहर से फंसे किसान की शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने RDF टीम को सूचना दी, जिसके बाद टीम ने पहुंचकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।

खेत बना टापू, चारों तरफ भर गया पानी

पवई के वार्ड नंबर 15 निवासी कल्लू नगायच बुधवार दोपहर सुनादर हार स्थित अपने खेत में तिली की फसल देखने गए थे। कुछ देर बाद जब वे लौटने लगे, तब तक लगातार बारिश के कारण पतने नदी का बहाव तेज हो चुका था।

नदी का पानी खेत के चारों तरफ भर गया और वापस लौटने का रास्ता बंद हो गया। तेज बहाव के कारण किसान के लिए नदी पार करना जोखिम भरा हो गया।

शाम तक नहीं लौटे तो परिजनों ने मांगी मदद

कल्लू नगायच के शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने जानकारी ली। इस दौरान पता चला कि वे नदी के बीच अपने खेत में फंसे हुए हैं।

किसान के बेटे अंशुल नगायच ने तत्काल RDF टीम को सूचना देकर मदद मांगी।

रात होने से पहले सुरक्षित रेस्क्यू

सूचना मिलते ही RDF टीम सुनादर हार पहुंची। बढ़े जलस्तर और तेज बहाव के बीच स्थिति का जायजा लेने के बाद टीम ने रेस्क्यू शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद टीम ने किसान को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। किसान के घर पहुंचने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।

नदी-नालों के पास सावधानी की अपील

लगातार बारिश के कारण पवई क्षेत्र में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ रहा है। ऐसे में खेतों या अन्य स्थानों पर जाने वाले लोगों से बढ़े जलस्तर के दौरान नदी-नाले पार नहीं करने की अपील की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *