सतना। डिजिटल डेस्क
सतना की जीवन ज्योति कॉलोनी में डेंगू से 60 वर्षीय महिला की मौत के बाद परिवार के दो और सदस्य डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। मृतका की बहू और नातिन की एलाइजा जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
परिवार के तीन सदस्य डेंगू पॉजिटिव
जानकारी के मुताबिक जीवन ज्योति कॉलोनी निवासी रामदुलारी चक्रवर्ती की डेंगू से मौत हुई थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने परिवार के 11 सदस्यों के ब्लड सैंपल लेकर एलाइजा जांच के लिए जिला अस्पताल भेजे थे।
जांच में मृतका की बहू कविता और नातिन अंकिता चक्रवर्ती डेंगू पॉजिटिव मिलीं। दोनों को उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
वहीं मृतका की छोटी बहू बेबी चक्रवर्ती की नागपुर के निजी अस्पताल में रैपिड किट से हुई जांच भी पॉजिटिव बताई गई है। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बारिश के बीच नहीं मिला डेंगू का लार्वा
मलेरिया विभाग की टीम ने बुधवार को मृतका के घर और आसपास के क्षेत्र में लार्वा सर्वे किया। विभाग के अनुसार तेज बारिश के कारण जांच के दौरान कहीं डेंगू का लार्वा नहीं मिला।
एहतियात के तौर पर घर के आसपास पैराथ्रम का छिड़काव और नालियों में दवा डाली गई। इसके अलावा फॉगिंग भी कराई गई।
आसपास के 40 लोगों की मलेरिया जांच
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पीड़ित परिवार के घर के आसपास रहने वाले करीब 40 लोगों की मलेरिया जांच भी की। विभाग के अनुसार सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।