पेंचवेली एक्सप्रेस के एसी कोच में धुआं, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

छिंदवाड़ा। नैनपुर से इंदौर के बीच चलने वाली पेंचवेली एक्सप्रेस में बुधवार सुबह करीब 4 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पोला पत्थर रेलवे स्टेशन के पास बी-2 एसी कोच में अचानक धुआं फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कोच के इलेक्ट्रॉनिक पैनल बॉक्स से धुआं निकलना शुरू हुआ, जो देखते ही देखते पूरे डिब्बे में फैल गया। धुएं के कारण कई यात्रियों को सांस लेने में परेशानी हुई। घबराहट में कुछ यात्री अपना सामान तक छोड़कर कोच से बाहर निकल आए।

रेलवे ने तुरंत खाली कराया कोच

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे स्टाफ मौके पर पहुंचा और बी-2 कोच को खाली कराकर सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरे डिब्बों में शिफ्ट किया। इसके बाद तकनीकी टीम ने कोच की जांच की। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही ट्रेन को आगे रवाना किया गया।

एक घंटे तक पोला पत्थर स्टेशन पर रुकी ट्रेन

धुएं की घटना के कारण पेंचवेली एक्सप्रेस करीब एक घंटे तक पोला पत्थर रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। इसके बाद ट्रेन को आगे बढ़ाया गया, लेकिन इटारसी स्टेशन पर भी तकनीकी जांच के चलते काफी देर तक रोका गया। बाद में प्रभावित बी-2 कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया।

भोपाल पहुंची करीब ढाई घंटे देरी से

घटना का असर ट्रेन के पूरे शेड्यूल पर पड़ा। पेंचवेली एक्सप्रेस निर्धारित समय से करीब ढाई घंटे की देरी से सुबह 10:26 बजे भोपाल पहुंची। बता दें कि ट्रेन मंगलवार रात अपने निर्धारित समय से 25 मिनट देरी से 10:50 बजे छिंदवाड़ा स्टेशन से रवाना हुई थी।

बड़ा हादसा टला

समय रहते रेलवे स्टाफ की त्वरित कार्रवाई से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक तौर पर इलेक्ट्रॉनिक पैनल में तकनीकी खराबी को धुएं का कारण माना जा रहा है। विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *