छिंदवाड़ा। डिजिटल डेस्क
छिंदवाड़ा के पोआमा रेलवे क्रॉसिंग के पास सोमवार शाम एक महिला ने मेमो ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। घटना करीब शाम 5:30 बजे की बताई जा रही है। महिला को गंभीर हालत में ट्रेन के नीचे से बाहर निकाला गया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।
महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को सुरक्षित रखवाया है और पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
बंद फाटक देखकर ऑटो से उतर गई महिला
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक महिला परासिया से छिंदवाड़ा आने के लिए ऑटो में सवार हुई थी। पोआमा रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचने पर उस समय फाटक बंद था।
महिला ने ऑटो चालक को किराया दिया और वाहन से उतर गई। इसके बाद वह रेलवे ट्रैक की ओर चली गई। इसी दौरान आमला-छिंदवाड़ा मेमो ट्रेन भी क्रॉसिंग की ओर पहुंच रही थी।
लोको पायलट ने लगाए इमरजेंसी ब्रेक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला को ट्रैक पर जाते देखकर कुछ लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया। इसी बीच ट्रेन के लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए।
फाटक के दोनों ओर मौजूद लोगों ने घटना के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल महिला को ट्रेन के नीचे से बाहर निकाला गया।
मौके पर ही बिगड़ी हालत
महिला को बाहर निकालने के समय वह जीवित थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस अब महिला की पहचान के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पर्स और छतरी से भी नहीं मिली पहचान
घटनास्थल के पास महिला की छतरी और पर्स मिला है। पर्स में कुछ रुपये थे, लेकिन कोई ऐसा पहचान पत्र नहीं मिला, जिससे महिला की तत्काल पहचान हो सके। पुलिस ने महिला की तस्वीरें आसपास के थानों में भेजी हैं, ताकि उसकी पहचान कर परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताई घटना
घटना के प्रत्यक्षदर्शी सर्पमित्र हेमंत गोदरे के मुताबिक वह पोआमा के जंगल क्षेत्र से लौट रहे थे। रेलवे फाटक बंद होने के कारण वह अन्य लोगों के साथ वहां रुके हुए थे।
इसी दौरान महिला को ट्रेन की ओर जाते देखा गया। उन्होंने अन्य लोगों के साथ मिलकर महिला को बाहर निकालने में मदद की। पुलिस के अनुसार महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
देहात थाना पुलिस ने शव को शवगृह में सुरक्षित रखवाया है। महिला की पहचान के लिए आसपास के थानों से संपर्क किया जा रहा है। थाना प्रभारी गोविंद राजपूत ने बताया कि महिला की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं। मर्ग दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।