सतना। डिजिटल डेस्क
रेलवे कॉलोनी में लेनदेन के विवाद को लेकर शुक्रवार शाम एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। गोली युवक के हाथ को चीरते हुए निकल गई। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जीआरपी ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी रेलकर्मी को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुनील चौधरी रेलवे के सीएनडब्ल्यू विभाग में सीनियर टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत है। वहीं घटना में घायल रूपचंद यादव, निवासी गायत्री नगर-कटनी, 40 वर्ष का है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का रूपचंद के भाई मदन गोपाल यादव से लाखों रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था।
20 लाख रुपये के लेनदेन से शुरू हुआ विवाद
जीआरपी से मिली जानकारी के मुताबिक, करीब तीन साल पहले सुनील चौधरी ने जमीन के सौदे को लेकर मदन गोपाल यादव से 20 लाख रुपये उधार लिए थे। रकम के लेनदेन को लेकर स्टाम्प पेपर पर लिखापढ़ी कराई गई थी और गारंटी के तौर पर एक चेक भी दिया गया था।
बताया गया कि तय समय सीमा में रकम वापस नहीं होने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान आरोपी कथित तौर पर ब्लैंक चेक और स्टाम्प पेपर वापस लेने का दबाव बना रहा था। इसी लेनदेन को शुक्रवार की घटना की वजह माना जा रहा है। हालांकि, विवाद और फायरिंग के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है।
रेलवे क्वार्टर के बाहर युवक पर फायरिंग
शुक्रवार शाम करीब 4 बजे रूपचंद यादव अपनी भाभी निधि यादव और बच्चों के साथ बाजार जाने के लिए घर से बाहर निकला था। इसी दौरान रेलवे क्वार्टर के सामने सुनील चौधरी ने उसे रोकने का प्रयास किया।
रूपचंद ने बातचीत से इनकार कर आगे बढ़ने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान सुनील ने पिस्टल निकालकर फायर कर दिया। गोली से बचने के लिए रूपचंद ने हाथ आगे किया, जिससे गोली उसके पंजे को चीरते हुए निकल गई।
फायरिंग के बाद आरोपी मौके से भाग गया। घटना के बाद रूपचंद की भाभी और बच्चे घबरा गए और चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जीआरपी ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया
घटना के समय मदन गोपाल यादव ड्यूटी पर था। सूचना मिलने के बाद वह भी जिला अस्पताल पहुंचा। आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल रूपचंद से घटना की जानकारी ली।
प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए। इसके आधार पर सुनील चौधरी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कुछ देर की तलाश के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया।
अब जीआरपी आरोपी से फायरिंग के कारणों और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हथियार आरोपी के पास कहां से आया और घटना के पीछे लेनदेन विवाद की वास्तविक भूमिका क्या रही।