चरित्र संदेह पर पत्‍नी को मार डाला, पति गिरफ्तार

सतना। डिजिटल डेस्क

रामनगर थाना क्षेत्र के मिरगौती गांव में नवविवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक पति ने चरित्र संदेह को लेकर विवाद के बाद पत्नी पर धारदार हथियार से हमला किया। गंभीर हालत में वही उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

विवाद के बाद धारदार हथियार से हमला

पुलिस के अनुसार काजल पुत्री जितेन्द्र साकेत (20), निवासी मझगवां ने 18 अप्रैल 2025 को मिरगौती निवासी राजेन्द्र साकेत से प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद राजेन्द्र काम के सिलसिले में हैदराबाद चला गया था, जबकि काजल मायके लौट गई थी।

19 सितंबर को राजेन्द्र गांव लौटा। इसी दिन काजल भी अपनी मां अनूपा साकेत के साथ रामनगर पहुंची और बाद में ससुराल चली गई।

बताया गया कि शाम को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान राजेन्द्र ने काजल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

पति ही घायल पत्नी को अस्पताल लेकर पहुंचा

घटना के बाद राजेन्द्र गंभीर रूप से घायल काजल को आनन-फानन रामनगर अस्पताल लेकर पहुंचा। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे रीवा के संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय रेफर कर दिया।

काजल को एसजीएमएच ले जाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक अस्पताल में घटना की सही जानकारी देने के बजाय सीढ़ियों से गिरने के कारण चोट लगने की बात बताई गई।

उपचार शुरू होने के कुछ देर बाद ही काजल ने दम तोड़ दिया। इसके बाद चौकी पुलिस ने रामनगर थाना पुलिस को सूचना दी। रविवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

फोन पर बात करने को लेकर जताता था संदेह

पूछताछ में राजेन्द्र ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी किसी व्यक्ति से फोन पर बात करती थी। इस बात को लेकर वह कई बार नाराजगी जता चुका था और दोनों के बीच विवाद भी होता था।

पुलिस के मुताबिक शनिवार शाम को भी इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसी दौरान मारपीट और हमला हुआ।

पिता ने दहेज मांगने का भी लगाया आरोप

मृतका के पिता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि घटना के बाद दामाद ने फोन पर उनके साथ गाली-गलौज की। उन्होंने बेटी के ससुराल पक्ष पर दहेज मांगने का आरोप भी लगाया है।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारण, अस्पताल में दी गई जानकारी और मृतका के पिता द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की आरोपी की गिरफ्तारी की कार्रवाई

मामले में पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मृतका के परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *