मैहर। अमरपाटन में रामनगर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवराज नगर के रिहायशी इलाके में शनिवार शाम करीब 6 बजे एक सियार घुस आया। अचानक सियार को बस्ती में देखकर लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सियार ने रिहायशी क्षेत्र में पहुंचते ही लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि भाग रहे कुछ लोगों को सियार ने उठाकर पटक दिया। अचानक हुए हमले में एक मासूम बच्चे समेत पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पांच लोग घायल, रीवा रेफर
सियार के हमले में आशा साहू, दुअसिया साहू, डुमरी कोल, परमीना और एक बच्चा घायल हुआ है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर किया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों में सियार को लेकर भय का माहौल बना हुआ है।
सोशल मीडिया से मिली वन विभाग को जानकारी
अमरपाटन रेंजर प्रफुल्ल त्रिपाठी ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक वन विभाग को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी विभाग तक पहुंची है। मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके बाद आवश्यक जांच कराई जाएगी। रेंजर ने कहा कि घायलों के इलाज से जुड़ी जानकारी भी ली जाएगी। क्षेत्र में घूम रहे सियार को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम प्रयास करेगी।
रात में अकेले बाहर नहीं निकलने की अपील
घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। रेंजर ने कहा कि रात के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। जरूरी काम होने पर ग्रामीण समूह में और सुरक्षित तरीके से बाहर निकलें। वन विभाग की टीम सियार की गतिविधियों का पता लगाने के साथ उसे पकड़ने का प्रयास करेगी।
ग्रामीणों में दहशत
रिहायशी इलाके में सियार के पहुंचने और पांच लोगों पर हमला करने की घटना से ग्रामीणों में डर बना हुआ है। लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने में सावधानी बरत रहे हैं। वन विभाग की कार्रवाई के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सियार क्षेत्र में कहां से आया और अभी वह किस इलाके में मौजूद है।