‘ये रीवा है, बात-बात पर कट्टा निकलता है’, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

रीवा। सोशल मीडिया पर एक अकाउंट से अपलोड किए गए कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। इनमें कुछ युवक कथित तौर पर कट्टे से फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवकों की आवाज भी सुनाई देती है, जिसमें वे कहते हैं, “ये रीवा है, यहां बात-बात पर कट्टा निकाल लिया जाता है।”

8 राउंड फायरिंग का दावा

वायरल वीडियो में कथित रूप से 8 राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस अभी वीडियो की सत्यता, स्थान और समय की पुष्टि कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

बाइक पर खतरनाक स्टंट भी आया सामने

वायरल वीडियो में एक युवक बाइक की सीट पर खड़े होकर और दोनों हाथ छोड़कर वाहन चलाते हुए दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो चिरहुला मार्ग का है। इससे पहले भी रीवा-सीधी मार्ग की टनल में इस तरह के स्टंट के वीडियो सामने आ चुके हैं।

सड़क पर दूसरों की जान भी खतरे में

ऐसे स्टंट केवल वाहन चालक ही नहीं, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी बड़ा खतरा बन सकते हैं। वायरल वीडियो में भी आसपास अन्य वाहन और लोग दिखाई दे रहे हैं। किसी भी क्षण छोटी-सी चूक गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।

एसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

रीवा एसपी डॉ. गुरकरण सिंह पहले ही जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दे चुके हैं। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *