सतना। डिजिटल डेस्क
रात के अंधेरे में चोरों ने बाइपास रोड स्थित ट्रैक्टर यार्ड को निशाना बनाते हुए एक साथ 12 ट्रैक्टरों की बैटरियां चोरी कर लीं। यार्ड में सुरक्षा गार्ड तैनात होने के बावजूद हुई इस वारदात से संचालक और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
रात में यार्ड की निगरानी कर रहा था गार्ड
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लोट्स सिटी निवासी कुलदीप शुक्ला पुत्र रामप्रसाद शुक्ला पिछले करीब छह वर्षों से बाइपास रोड पर ट्रैक्टर एजेंसी के यार्ड का संचालन कर रहे हैं।
गुरुवार रात काम खत्म होने के बाद एजेंसी मालिक और कर्मचारी यार्ड बंद कर घर चले गए थे। यार्ड की निगरानी के लिए प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी के गार्ड बब्लू पांडेय को तैनात किया गया था।
गार्ड को चकमा देकर अंदर घुसे बदमाश
बताया गया कि देर रात अज्ञात बदमाश यार्ड में दाखिल हुए और वहां खड़े 12 ट्रैक्टरों की बैटरियां निकालकर ले गए। वारदात के दौरान सुरक्षा गार्ड की मौजूदगी के बावजूद चोरों ने उसे चकमा दे दिया।
शुक्रवार सुबह जब यार्ड संचालक और कर्मचारी वापस पहुंचे, तब ट्रैक्टरों से बैटरियां गायब मिलने पर चोरी का पता चला। इसके बाद मामले की लिखित शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई गई।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने यार्ड में तैनात सुरक्षा गार्ड से पूछताछ की है।
इसके साथ ही यार्ड और आसपास के क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और चोरी की वारदात से जुड़े सुराग जुटाने में लगी है।