रेत कारोबारी पर अज्ञात युवक ने किया फायर, जांघ को छूकर निकली गोली

सतना। डिजिटल डेस्क।

सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के भुंजवा मोहल्ले में रविवार रात रेत कारोबारी पर एक अज्ञात युवक ने कट्टे से फायर कर दिया। गोली कारोबारी की जांघ को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर हमलावर की तलाश के लिए कई टीमें लगाई हैं।

पान की दुकान पर हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक कृष्णा कॉलोनी, टिकुरिया टोला निवासी संजय अग्रवाल रविवार रात करीब 10 बजे अपने बेटे अंकित अग्रवाल के साथ कार से घर लौट रहे थे।

संजय का छोटा भाई बिरला अस्पताल में भर्ती है। पिता-पुत्र अस्पताल में उसका हाल जानने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान भुंजवा मोहल्ले में पान के टपरे पर रुककर पान बंधवाने लगे।

इसी दौरान नशे की हालत में एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा और संजय और उनके बेटे से गाली-गलौज करने लगा।

बेटे के फटकारते ही कट्टे से चला दी गोली

युवक की हरकत पर ड्राइविंग सीट पर बैठे अंकित कार से नीचे उतरे और उसे फटकार लगाई। इसी दौरान युवक ने कट्टे से फायर कर दिया।

गोली संजय अग्रवाल की जांघ को छूते हुए निकल गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने घायल संजय को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

आरोपी ने भागते समय किए हवाई फायर

गोली चलाने के बाद अंकित और आसपास मौजूद लोग आरोपी को पकड़ने के लिए उसके पीछे दौड़े। हालांकि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला और कहीं छिप गया।

आरोप है कि पकड़ से दूर जाने के बाद युवक ने एक के बाद एक तीन हवाई फायर भी किए। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली टीआई हेमंत शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल कारोबारी का बयान दर्ज किया और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है।

फिलहाल पुलिस आरोपी की पहचान, घटना के कारण और विवाद की पूरी वजह का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *