उज्जैन में शाही मस्जिद हटाने को लेकर बवाल, पथराव के बाद आंसू गैस

उज्जैन। डिजिटल डेस्क सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रही शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने की कार्रवाई को लेकर सोमवार को उज्जैन में तनाव बढ़ गया। कार्रवाई के विरोध में जुटी भीड़ और पुलिस के बीच टकराव हुआ। इस दौरान पुलिस पर पथराव किया गया, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।

मामला गोपाल मंदिर रोड के चौड़ीकरण से जुड़ा है। प्रशासन की योजना सड़क को 15 मीटर चौड़ा करने की है। इसी प्रस्तावित सड़क की जद में शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा आ रहा है। पिछले दो दिनों से मस्जिद के आसपास विरोध-प्रदर्शन चल रहा था।

सड़क चौड़ीकरण के लिए हटना है मस्जिद का हिस्सा

उज्जैन नगर निगम की योजना कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ी करने की है। हाईकोर्ट के 9 सितंबर के आदेश में भी 15 मीटर चौड़ी सड़क और सिंहस्थ-2028 के दौरान यातायात व्यवस्था का उल्लेख किया गया है।

मस्जिद प्रबंधन की याचिका के अनुसार प्रस्तावित कार्रवाई में नमाज स्थल का एक हिस्सा, करीब 120 फीट ऊंची मीनार और सामने का मजहर चौक प्रभावित होने की बात कही गई थी।

दो दिन से चल रहा था विरोध

शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने की कार्रवाई के विरोध में शनिवार रात से ही बड़ी संख्या में लोग मस्जिद के आसपास जुटने लगे थे। रविवार रात प्रशासन जेसीबी और पोकलेन मशीन लेकर मौके पर पहुंचा तो विरोध और बढ़ गया।

तनाव को देखते हुए पुलिस, RAF और STF की तैनाती की गई थी। रविवार को संवेदनशील इलाकों में 600 से ज्यादा जवानों के फ्लैग मार्च की भी जानकारी सामने आई थी।

कार्रवाई के दौरान पथराव, पुलिस ने छोड़ी आंसू गैस

सोमवार सुबह मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई के दौरान स्थिति बिगड़ गई। रिपोर्टों के मुताबिक भीड़ की ओर से पुलिस पर पथराव किया गया। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है।

9 सितंबर को हाईकोर्ट ने याचिकाएं खारिज की थीं

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर पीठ की एकल पीठ ने 9 सितंबर को शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने के खिलाफ दायर दो याचिकाएं खारिज कर दी थीं। अदालत के आदेश में कहा गया था कि नगर निगम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया का पालन किया है।

अदालत के सामने नगर निगम ने दलील दी थी कि सड़क चौड़ीकरण उज्जैन विकास योजना-2035 का हिस्सा है और सिंहस्थ, शाही सवारी तथा पेशवाई के दौरान यातायात प्रबंधन के लिए जरूरी है।

आज हाईकोर्ट में सुनवाई

एकल पीठ के फैसले के खिलाफ मस्जिद प्रबंधन की ओर से बड़ी पीठ के सामने अपील की गई है। इस मामले में सोमवार को सुनवाई प्रस्तावित है। इसी बीच मौके पर विरोध और पुलिस कार्रवाई की स्थिति बनी हुई है।

फिलहाल शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने की कार्रवाई को लेकर उज्जैन में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *